🛑म्यूल बैंक खातों की जांच से खुला अंतरराज्यीय नेटवर्क, 31 मोबाइल और 4 लैपटॉप समेत डिजिटल उपकरण जब्त, 10 गिरफ्तार
दुर्ग, 08 अक्टूबर 2026। ऑनलाइन सट्टा-बेटिंग और म्यूल बैंक खातों के जरिए होने वाले संदिग्ध वित्तीय लेन-देन के खिलाफ दुर्ग पुलिस ने अंतरराज्यीय स्तर पर बड़ी कार्रवाई की है। थाना वैशाली नगर और एसीसीयू, दुर्ग की संयुक्त टीम ने महाराष्ट्र के ठाणे में किराए के फ्लैट में संचालित दो ऑनलाइन सट्टा-बेटिंग पैनलों का पर्दाफाश करते हुए 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से 31 मोबाइल फोन, 4 लैपटॉप, 12 एटीएम कार्ड, 2 पैन कार्ड, 2 बैंक पासबुक सहित बड़ी संख्या में डिजिटल उपकरण और अन्य सामग्री जब्त की है।
पुलिस के मुताबिक यह कार्रवाई थाना वैशाली नगर में दर्ज अपराध क्रमांक 370/2026 की विवेचना के दौरान सामने आए संदिग्ध बैंक खातों और ऑनलाइन वित्तीय लेन-देन के तकनीकी विश्लेषण के आधार पर की गई। जांच में ऐसे संकेत मिले कि दुर्ग-भिलाई और धमतरी क्षेत्र के कुछ युवक महाराष्ट्र के ठाणे में किराए का फ्लैट लेकर ऑनलाइन सट्टा-बेटिंग पैनल संचालित कर रहे हैं।
शिफ्ट में चल रहे थे सट्टा पैनल
तकनीकी साक्ष्यों की पुष्टि के बाद दुर्ग पुलिस की टीम ने ठाणे में दबिश दी। यहां एक फ्लैट में 10 आरोपी दो अलग-अलग ऑनलाइन सट्टा-बेटिंग पैनलों का संचालन करते मिले। पूछताछ और प्रारंभिक जांच में सामने आया कि पैनलों को अलग-अलग शिफ्ट में संचालित किया जाता था। आरोपियों द्वारा ऑनलाइन माध्यम से आपसी समन्वय करते हुए सट्टा गतिविधियों से जुड़े दैनिक लेन-देन का हिसाब-किताब भी रखा जा रहा था।
पुलिस के अनुसार विभिन्न बैंक खातों और डिजिटल भुगतान माध्यमों के जरिए बड़े पैमाने पर ऑनलाइन वित्तीय लेन-देन किए जाने के संकेत मिले हैं। पुलिस को इन लेन-देन से जुड़े करोड़ों रुपये के ट्रांजैक्शन का विवरण भी प्राप्त हुआ है। हालांकि, वास्तविक रकम और नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की पुष्टि डिजिटल फॉरेंसिक जांच के बाद होगी।

इन आरोपियों की हुई गिरफ्तारी
पुलिस ने मामले में विष्णु तिवारी (19), भिलाई; अंकित निषाद (23), धमतरी; नितेश कुमार (24), धमतरी; नरेश कन्हाई (24), खुर्सीपार भिलाई; दीपक कश्यप (27), धमतरी; मेहुल निषाद (23), धमतरी; हर्ष वर्धन निषाद (19), बोरी क्षेत्र; संतोष राम (28), मधुबनी बिहार; भुवन लाल देवांगन (28), कांकेर और चेतन ध्रुव (27), धमतरी को गिरफ्तार किया है।
31 मोबाइल, 4 लैपटॉप समेत बड़ी जब्ती
दबिश के दौरान पुलिस ने 4 लैपटॉप, 31 मोबाइल फोन, 12 एटीएम कार्ड, 2 पैन कार्ड, 2 बैंक पासबुक और एक वाई-फाई/इंटरनेट उपकरण जब्त किया। इसके अलावा पेन ड्राइव, पावर बैंक, चार्जर, विभिन्न केबल, नगदी और अन्य डिजिटल एवं तकनीकी सामग्री भी पुलिस के कब्जे में ली गई है।
डिजिटल फॉरेंसिक से खुलेगा नेटवर्क का राज
पुलिस द्वारा जब्त किए गए मोबाइल फोन, लैपटॉप और अन्य डिजिटल उपकरणों की तकनीकी एवं डिजिटल फॉरेंसिक जांच कराई जा रही है। जांच में ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क से जुड़े अन्य व्यक्तियों, बैंक खातों और वित्तीय लेन-देन की कड़ियों का पता लगाया जा रहा है।
दुर्ग पुलिस का कहना है कि कार्रवाई का मुख्य आधार म्यूल बैंक खातों से जुड़े संदिग्ध वित्तीय लेन-देन और तकनीकी सुराग रहे। इन्हीं सुरागों के जरिए पुलिस ठाणे में संचालित सट्टा पैनलों तक पहुंची।
पुलिस ने नागरिकों को किया सावधान
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि कमीशन या आर्थिक लालच में अपना बैंक खाता, एटीएम कार्ड, पासबुक, सिम कार्ड, यूपीआई या अन्य बैंकिंग साधन किसी दूसरे व्यक्ति को इस्तेमाल के लिए उपलब्ध न कराएं। ऐसे खातों का इस्तेमाल साइबर ठगी या ऑनलाइन सट्टा जैसी गतिविधियों में होने पर खाता धारक भी कानूनी कार्रवाई के दायरे में आ सकता है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई जारी है। जब्त डिजिटल उपकरणों और वित्तीय लेन-देन की विस्तृत जांच के आधार पर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में भी आगे कार्रवाई की जाएगी।

