🛑 दुर्ग-राजनांदगांव के आसपास औद्योगिक पार्क, प्रमुख सड़कों को फोरलेन करने की तैयारी
सीजी न्यूज ऑनलाइन, 06 अक्टूबर 2026। नवा रायपुर से भिलाई-दुर्ग तक मेट्रो ट्रेन सेवा शुरू करने की दिशा में राज्य सरकार जल्द बड़ा फैसला ले सकती है। स्टेट कैपिटल रीजन (एससीआर) की आगामी बैठक में मेट्रो परियोजना के साथ-साथ दुर्ग-राजनांदगांव क्षेत्र में औद्योगिक पार्क की स्थापना, प्रमुख सड़कों के फोरलेन निर्माण और क्षेत्र के समग्र विकास से जुड़े प्रस्तावों पर महत्वपूर्ण निर्णय होने की संभावना है।
राज्य सरकार ने नवा रायपुर से राजनांदगांव तक के क्षेत्र को योजनाबद्ध ढंग से विकसित करने के लिए स्टेट कैपिटल रीजन प्राधिकरण का गठन किया है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय इसके चेयरमैन हैं। सिंगापुर प्रवास से लौटने के बाद मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में एससीआर की बैठक प्रस्तावित है। हालांकि बैठक की तारीख अभी तय नहीं हुई है, लेकिन सरकारी स्तर पर इसकी तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। संभावना है कि बैठक करीब 15 अक्टूबर के आसपास आयोजित हो सकती है।
मेट्रो के सर्वे के बाद आगे बढ़ेगा प्रस्ताव
राज्य सरकार ने बजट में मेट्रो ट्रेन के सर्वे के लिए प्रावधान किया है और सर्वे के लिए एजेंसी भी तय की जा चुकी है। प्रारंभिक सर्वे रिपोर्ट के आधार पर नवा रायपुर से भिलाई-दुर्ग तक मेट्रो सेवा शुरू करने के प्रस्ताव पर निर्णय लिया जा सकता है। एससीआर की बैठक में मेट्रो परियोजना के लिए सलाहकार की नियुक्ति पर भी चर्चा और फैसला संभावित है।
मेट्रो सेवा शुरू होने से रायपुर, नवा रायपुर, भिलाई और दुर्ग के बीच आवागमन को नई गति मिलने की उम्मीद है। इससे तेजी से विकसित हो रहे इस पूरे शहरी क्षेत्र को एक बेहतर सार्वजनिक परिवहन नेटवर्क से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
दुर्ग-राजनांदगांव क्षेत्र में औद्योगिक पार्क का प्रस्ताव
एससीआर की बैठक में दुर्ग और राजनांदगांव के आसपास औद्योगिक पार्क विकसित करने के प्रस्ताव पर भी निर्णय होने की संभावना है। इसके लिए संभावित स्थलों की पहचान की जा चुकी है। प्रस्तावित औद्योगिक पार्क में छोटे और मध्यम उद्योगों की स्थापना के लिए आवश्यक आधारभूत सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
इससे क्षेत्र में नए औद्योगिक निवेश, रोजगार के अवसर और स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
रायपुर से राजनांदगांव तक योजनाबद्ध विकास
सरकार ने स्टेट कैपिटल रीजन की अवधारणा को रायपुर, नवा रायपुर अटल नगर और दुर्ग-भिलाई क्षेत्र के योजनाबद्ध विकास से जोड़ते हुए इसे आगे राजनांदगांव तक विस्तार देने की तैयारी की है। एससीआर की बैठक में क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले नगरीय निकायों और विकास योजनाओं को लेकर भी विस्तृत चर्चा हो सकती है।
प्रस्तावित क्षेत्र में रायपुर नगर निगम के अलावा दुर्ग नगर निगम, भिलाई नगर निगम, रिसाली नगर निगम और भिलाई-चरौदा नगर निगम प्रमुख शहरी निकाय होंगे। दुर्ग जिले में दुर्ग, भिलाई, रिसाली और भिलाई-चरौदा नगर निगम के साथ अहिवारा, कुम्हारी और जामुल नगर पालिका क्षेत्र भी महत्वपूर्ण होंगे।
प्रमुख सड़कों का होगा चौड़ीकरण और फोरलेनिंग
एससीआर की बैठक में क्षेत्र की सड़क कनेक्टिविटी मजबूत करने पर भी अहम फैसला लिया जा सकता है। प्रमुख मार्गों को फोरलेन करने के साथ सड़क निर्माण, चौड़ीकरण और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विकास की कार्ययोजना पर चर्चा होगी।
यदि मेट्रो, औद्योगिक पार्क और सड़क अधोसंरचना से जुड़े प्रस्तावों को मंजूरी मिलती है तो रायपुर-नवा रायपुर से भिलाई-दुर्ग होते हुए राजनांदगांव तक का पूरा क्षेत्र एकीकृत शहरी-औद्योगिक कॉरिडोर के रूप में विकसित होने की दिशा में आगे बढ़ सकता है।
एससीआर की आगामी बैठक को इसी लिहाज से प्रदेश के इस महत्वपूर्ण क्षेत्र के भविष्य के विकास की दिशा तय करने वाली बैठक के तौर पर देखा जा रहा है।

