🛑मुकेश चंद्राकर ने कसी संगठन की कमर
भिलाईनगर, 06 अक्टूबर 2026। नगर निगम चुनाव को लेकर कांग्रेस ने चुनावी तैयारियों का बिगुल फूंक दिया है। सोमवार 5 अक्टूबर को मैत्री कुंज, रिसाली स्थित आशीर्वाद भवन में आयोजित महत्वपूर्ण बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, पूर्व गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू, जिला प्रभारी लालजी चंद्रवंशी, जिला कांग्रेस कमेटी भिलाई के अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर तथा रिसाली नगर निगम चुनाव पर्यवेक्षक एवं पूर्व विधायक मोहन मरकाम की मौजूदगी में चुनावी रणनीति और संगठनात्मक तैयारियों पर मंथन किया गया।
बैठक में सहपर्यवेक्षक कन्हैया अग्रवाल सहित कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। बैठक का मुख्य फोकस संगठन को बूथ और वार्ड स्तर तक मजबूत करने, कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने, वार्डवार राजनीतिक स्थिति की समीक्षा करने तथा स्थानीय जनसमस्याओं को चुनावी अभियान का प्रमुख आधार बनाने पर रहा।
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कार्यकर्ताओं से चुनाव की तैयारियों में पूरी सक्रियता के साथ जुटने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि चुनाव में संगठन की मजबूती, कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता से सीधा संवाद बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने प्रत्येक कार्यकर्ता को अपनी जिम्मेदारी गंभीरता से निभाने तथा बूथ और वार्ड स्तर पर संगठन को मजबूत करने पर जोर दिया।
बघेल ने कार्यकर्ताओं से जनता के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं और अपेक्षाओं को समझने तथा स्थानीय मुद्दों को चुनावी अभियान में प्रमुखता से उठाने की अपील की। उन्होंने संगठन के सभी स्तरों के बीच बेहतर तालमेल को चुनावी सफलता के लिए जरूरी बताया।
पूर्व गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू ने भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पूरी तैयारी के साथ चुनावी मैदान में उतरने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि वार्ड स्तर पर संगठन की सक्रियता बढ़ाने के साथ कार्यकर्ताओं को जनता के साथ लगातार संपर्क में रहना होगा। उन्होंने सामूहिक प्रयास और मजबूत संगठनात्मक तैयारी के साथ चुनाव लड़ने का आह्वान किया।
रिसाली नगर निगम चुनाव के पर्यवेक्षक एवं पूर्व विधायक मोहन मरकाम ने कहा कि कांग्रेस जनता के बीच केवल चुनाव के समय दिखाई देने वाली पार्टी नहीं है, बल्कि लगातार जनमुद्दों और समस्याओं को लेकर संघर्ष करती रही है। उन्होंने कहा कि रिसाली में कांग्रेस का संगठन पूरी तरह सक्रिय है और आने वाले दिनों में वार्डवार बैठकें, कार्यकर्ता संपर्क एवं जनसंपर्क अभियान को और गति दी जाएगी। कांग्रेस पूरी ताकत के साथ जनता के बीच जाएगी।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर ने कहा कि रिसाली नगर निगम चुनाव कांग्रेस के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। पार्टी पूरी मजबूती, एकजुटता और संगठनात्मक अनुशासन के साथ चुनाव मैदान में उतरेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सबसे बड़ी ताकत उसके जमीनी कार्यकर्ता हैं। इसलिए चुनावी रणनीति केवल वरिष्ठ नेताओं तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि वार्ड और बूथ स्तर के प्रत्येक कार्यकर्ता को जिम्मेदारी देकर जनता के बीच सक्रिय किया जाएगा।
बैठक में रिसाली नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न वार्डों के संगठनात्मक समीकरण, बूथ स्तर की तैयारियों, संभावित चुनावी चुनौतियों और आगामी जनसंपर्क अभियान पर विस्तार से चर्चा हुई। आने वाले दिनों में वार्ड स्तर पर बैठकों और कार्यकर्ता संपर्क अभियान को तेज करने तथा संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने की रणनीति तय की गई।
बैठक में पूर्व विधायक प्रतिमा चंद्राकर, रिसाली महापौर शशि सिन्हा, प्रदेश महामंत्री जितेंद्र साहू, राजेंद्र साहू, सभापति केशव बंछोर, ब्लॉक अध्यक्ष दिनेश पटेल, हेमंत बंजारे, प्रदेश सचिव इरफान खान, धर्मेंद्र यादव, अनूप दे, लालचंद वर्मा, चवन राम साहू, चुम्मन देशमुख, सरिता पांडे, चंद्रकांत कोरे सहित सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।
बैठक के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं में निगम चुनाव को लेकर उत्साह और सक्रियता नजर आई। वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में हुई बैठक को रिसाली नगर निगम चुनाव के लिए कांग्रेस की चुनावी तैयारियों की औपचारिक शुरुआत के तौर पर देखा जा रहा है।

