🛑कृषि भूमि के व्यावसायिक डायवर्सन के एवज में मांगे थे 20 हजार रुपये, पहली किश्त लेते ACB ने दबोचा
सीजी न्यूज़ ऑनलाइन, 05 अक्टूबर 2026। कृषि भूमि को व्यावसायिक प्रयोजन के लिए डायवर्सन कराने के एवज में रिश्वत मांगने वाले कुरूद अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) एवं दण्डाधिकारी कार्यालय के सहायक ग्रेड-3 कर्मचारी को एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) रायपुर ने सोमवार को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया।
जानकारी के अनुसार शिक्षक कॉलोनी, वार्ड क्रमांक 15, धमतरी निवासी प्रकाश चन्द्राकर ने अपनी ग्राम कंहारपुरी, तहसील कुरूद स्थित कृषि भूमि को व्यावसायिक प्रयोजन के लिए डायवर्सन कराने हेतु SDM कार्यालय कुरूद में आवेदन प्रस्तुत किया था। इस काम के लिए कार्यालय में पदस्थ पुनेश्वर सूर्यवंशी, सहायक ग्रेड-3 से संपर्क करने पर उसने डायवर्सन कराने के एवज में 20 हजार रुपये रिश्वत की मांग की।
प्रार्थी रिश्वत देने के पक्ष में नहीं था और उसने आरोपी को रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़वाने के लिए ACB रायपुर में शिकायत की। शिकायत के सत्यापन के दौरान आरोपी पहली किश्त के रूप में 10 हजार रुपये लेने के लिए सहमत हुआ।
इसके बाद ACB ने 5 अक्टूबर 2026 को ट्रैप की कार्रवाई की। आरोपी पुनेश्वर सूर्यवंशी को प्रार्थी से 10 हजार रुपये की पहली किश्त रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया गया।
ACB ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (संशोधित अधिनियम 2018) की धारा 7 के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है।

