‘प्रेस से मिलिए’ में दुर्ग सांसद विजय बघेल ने खोला विकास का रिपोर्ट कार्ड

‘प्रेस से मिलिए’ में दुर्ग सांसद विजय बघेल ने खोला विकास का रिपोर्ट कार्ड


🛑बोले- विकास की रफ्तार और तेज होगी, दिया दो साल का लेखा-जोखा

भिलाईनगर, 30 सितंबर 2026। न्यू प्रेस क्लब ऑफ भिलाई नगर द्वारा नेहरू भवन, सुपेला में आयोजित ‘प्रेस से मिलिए’ कार्यक्रम में दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल पत्रकारों से रू-ब-रू हुए। इस दौरान उन्होंने अपने वर्तमान संसदीय कार्यकाल के दो वर्षों की प्रमुख उपलब्धियों का लेखा-जोखा प्रस्तुत किया और दुर्ग लोकसभा क्षेत्र के आगामी विकास को लेकर अपना विजन साझा किया।


कार्यक्रम का शुभारंभ सांसद विजय बघेल ने मां सरस्वती के तैलचित्र पर दीप प्रज्ज्वलित एवं माल्यार्पण कर किया। प्रेस क्लब अध्यक्ष अनिल गुप्ता, महासचिव दिलीप शर्मा सहित क्लब के सदस्यों ने सांसद का पुष्पगुच्छ से स्वागत किया। अध्यक्ष अनिल गुप्ता ने स्वागत भाषण दिया। इस दौरान प्रेस क्लब के उन्नयन एवं आवश्यक सामग्री के लिए सांसद को मांगपत्र भी सौंपा गया, जिस पर उन्होंने सकारात्मक प्रयास का आश्वासन दिया।


पत्रकार समाज की समस्याओं को सामने लाने में अहम भूमिका निभाते हैं


पत्रकारों को संबोधित करते हुए सांसद विजय बघेल ने कहा कि पत्रकार समाज में होने वाली घटनाओं और जनसमस्याओं को प्रमाणिकता के साथ सामने लाने का महत्वपूर्ण कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि दुर्ग लोकसभा क्षेत्र व्यापक क्षेत्रफल वाला है, जिसमें चार नगर निगमों के साथ-साथ शहरी और ग्रामीण दोनों अंचल शामिल हैं। केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए जनप्रतिनिधियों, पंचायत प्रतिनिधियों और प्रशासन के स्तर पर लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।


श्रमिकों, स्वास्थ्य और शिक्षा पर जोर


सांसद ने कहा कि भिलाई औद्योगिक क्षेत्र होने के कारण यहां श्रमिक सुविधाओं, रोजगार, स्वास्थ्य और शिक्षा को प्राथमिकता दी गई है। उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान श्रमिकों के अस्पतालों में सुधार, केंद्रीय विद्यालय और नवोदय विद्यालय से जुड़े महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट को आगे बढ़ाए जाने का उल्लेख किया। इसके अलावा चंदूलाल चंद्राकर अस्पताल में सीटों की संख्या बढ़ाने के लिए केंद्रीय स्तर पर की गई पहल की जानकारी भी दी।


जल संरक्षण और पौधरोपण पर दिया संदेश


पर्यावरण संरक्षण को लेकर सांसद ने जल संरक्षण की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘जल ही जीवन है’ संदेश को जन-जन तक पहुंचाने की बात कही। सांसद ने कहा कि भविष्य में जल संकट से बचने के लिए प्रत्येक परिवार को अपने घर में वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगाने की दिशा में कदम उठाना चाहिए। उन्होंने बताया कि नगर निगम क्षेत्र में इसके लिए पर्याप्त फंड उपलब्ध है। साथ ही ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान से जुड़कर अधिक से अधिक पौधे लगाने की अपील की।


खेल और स्थानीय संस्कृति को बढ़ावा देने का प्रयास
क्षेत्र के युवाओं और स्थानीय संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए आयोजित खेल प्रतियोगिताओं एवं ‘सांसद मेला-मड़ई’ जैसे आयोजनों का उल्लेख करते हुए सांसद ने कहा कि इनमें बड़ी संख्या में लोगों ने पंजीयन कराया है। उन्होंने कहा कि युवाओं को मंच उपलब्ध कराने और स्थानीय प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने की दिशा में ऐसे आयोजन महत्वपूर्ण हैं।


सांसद बघेल ने बताया कि दिल्ली में क्षेत्र की समस्याओं, विकास कार्यों और रेलवे से जुड़ी यात्री सुविधाओं के त्वरित निराकरण के लिए वे संबंधित मंत्रालयों से लगातार संपर्क में रहते हैं।


कार्यक्रम के अंत में न्यू प्रेस क्लब ऑफ भिलाई नगर की ओर से सांसद विजय बघेल को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। आभार प्रदर्शन महासचिव दिलीप शर्मा ने किया, जबकि कार्यक्रम का संचालन डीके साहू ने किया।