दुर्ग में नाबालिग युवती की हत्या से सनसनी, सिर पर भारी वस्तु से हमला

दुर्ग में नाबालिग युवती की हत्या से सनसनी, सिर पर भारी वस्तु से हमला


🔴लूचकीपारा वार्ड-31 में घर के अंदर खून से लथपथ मिली लाश, पति के रूप में साथ रहने वाला आरोपी फरार

दुर्ग, 26 सितंबर 2026। दुर्ग के कोतवाली थाना क्षेत्र के लूचकीपारा वार्ड नंबर 31 में एक नाबालिग युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या का मामला सामने आया है। युवती का शव शनिवार सुबह घर के अंदर खून से लथपथ हालत में मिला। उसके सिर पर किसी भारी वस्तु से हमला किए जाने की बात सामने आई है।

घर में दोनों ही रहते थे

नगर पुलिस अधीक्षक दुर्ग हर्षित मैहर ने बताया कि आरोपी और मृतका पति-पत्नी के रूप में एक साथ रहते थे। मृतका के गले में मंगलसूत्र एवं मांग में सिंदूर भरा हुआ मिला है। दोनों के अलावा घर में कोई अन्य व्यक्ति नहीं रहता था। शनिवार सुबह करीब 11:30 बजे घटना की सूचना पुलिस को मिली, जिसके बाद कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची।

सिर पर गंभीर चोट के निशान

मृतका के सिर पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं। प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि किसी भारी वस्तु से सिर पर वार कर उसकी हत्या की गई है। मृतका की पहचान लक्ष्मी के रूप में बताए जाने की जानकारी सामने आई है। वह नाबालिग थी।

घटना के बाद आरोपी फरार

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।

पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ ही घटना के कारण और वारदात की परिस्थितियों की जांच कर रही है। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही हत्या के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।