शिवनाथ नदी का बढ़ा जलस्तर : महमरा एनीकट से 4 फीट ऊपर बह रहा पानी

शिवनाथ नदी का बढ़ा जलस्तर : महमरा एनीकट से 4 फीट ऊपर बह रहा पानी


🔴आवागमन बंद ; तटवर्ती गांवों में अलर्ट

दुर्ग, 25 सितंबर 2026 । दुर्ग जिले में कल रात से लगातार हो रही बारिश के चलते शिवनाथ नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है। महमरा एनीकट के ऊपर करीब 4 फीट पानी बह रहा है, जिसके चलते ग्राम महमरा जाने वाले एनीकट मार्ग से आवागमन पूरी तरह बंद हो गया है।

जल संसाधन विभाग के एसडीओ गौरव सिंह के मुताबिक, मोगरा और सूखा नाला जलाशयों से करीब 14 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। इसके चलते आने वाले समय में शिवनाथ नदी का जलस्तर और बढ़ने की संभावना है।

स्थिति को देखते हुए नदी के तटवर्ती गांवों के लिए अलर्ट जारी कर दिया गया है। प्रशासन और जल संसाधन विभाग द्वारा ग्रामीणों को सतर्क रहने तथा नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए नदी और उसके आसपास के क्षेत्रों से दूर रहने की सलाह दी गई है।

एनीकट मार्ग पर आवागमन बंद

शिवनाथ नदी में पानी बढ़ने के बाद महमरा एनीकट के ऊपर से तेज बहाव के साथ पानी गुजर रहा है। सुरक्षा के मद्देनजर महमरा गांव की ओर जाने वाले एनीकट मार्ग से आवागमन रोक दिया गया है। ग्रामीणों से किसी भी स्थिति में पानी के तेज बहाव वाले रास्तों और नदी के करीब नहीं जाने की अपील की गई है।

प्रशासन द्वारा नदी के जलस्तर पर लगातार नजर रखी जा रही है। आगामी घंटों में जलस्तर बढ़ने की संभावना को देखते हुए तटवर्ती इलाकों में लोगों को विशेष सावधानी बरतने कहा गया है।