🔴24 से 26 सितंबर तक अंजोरा-पुलगांव मार्ग पर भारी वाहनों की नो-एंट्री
दुर्ग, 23 सितंबर 2026। गणेश पर्व के समापन पर 24 से 26 सितंबर तक शिवनाथ नदी में गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन किया जाएगा। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और गणेश समितियों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए यातायात पुलिस दुर्ग ने यातायात व्यवस्था को सुचारू एवं सुरक्षित बनाए रखने के लिए डायवर्शन और रूट प्लान जारी किया है।
यातायात पुलिस के मुताबिक अंजोरा से पुलगांव तथा पुलगांव से अंजोरा के बीच मालवाहक, भारी एवं मध्यम वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। इस मार्ग पर केवल गणेश प्रतिमा विसर्जन से संबंधित वाहनों को ही आवश्यकतानुसार प्रवेश दिया जाएगा।
अंजोरा की ओर से आने वाले भारी एवं मालवाहक वाहनों को बाईपास मार्ग की ओर डायवर्ट किया जाएगा। वहीं अंडा की ओर से आने वाले भारी एवं मध्यम वाहनों को रिसामा, गाड़ाडीह, फुंडा, पाटन-अभनपुर होते हुए रायपुर की ओर डायवर्ट किया जाएगा। इसका उद्देश्य विसर्जन मार्ग पर यातायात का दबाव कम करना और श्रद्धालुओं की आवाजाही को सुरक्षित बनाए रखना है।
विसर्जन के लिए निर्धारित मार्ग
गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए यातायात पुलिस ने मार्ग निर्धारित किया है। प्रतिमाएं मुर्गा चौक → 25 मिलियन चौक → सेक्टर-09 चौक → एमडी बंगला तिराहा → जेल तिराहा → महाराजा चौक → पुलगांव चौक → शिवनाथ नदी विसर्जन स्थल तक पहुंचेंगी।
यातायात पुलिस ने गणेश समितियों से अपील की है कि विसर्जन के दौरान अनावश्यक संख्या में वाहनों को साथ न लाएं। समिति के सदस्य और श्रद्धालु सीमित एवं आवश्यक वाहनों के साथ ही विसर्जन स्थल पर पहुंचें।
आम नागरिक वैकल्पिक मार्ग अपनाएं
यातायात पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि 24 से 26 सितंबर के दौरान अंजोरा-पुलगांव मार्ग का उपयोग करने से बचें और अपनी यात्रा के लिए वैकल्पिक मार्ग का इस्तेमाल करें। पुलिस ने नागरिकों से डायवर्शन एवं यातायात प्रतिबंधों का पालन कर व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।

