छत्तीसगढ़ में व्याख्याता के 854 पदों पर भर्ती, 29 नवंबर को संभावित परीक्षा

छत्तीसगढ़ में व्याख्याता के 854 पदों पर भर्ती, 29 नवंबर को संभावित परीक्षा


सीजी न्यूज़ ऑनलाइन, 22 सितंबर 2026। छत्तीसगढ़ के स्कूल शिक्षा विभाग में व्याख्याता के 854 पदों पर भर्ती की प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय द्वारा स्कूल शिक्षा विभाग में 5 हजार शिक्षकीय पदों पर भर्ती की घोषणा के क्रम में व्याख्याता पदों के लिए भर्ती विज्ञापन जारी किया जा रहा है।

लोक शिक्षण संचालनालय की ओर से जारी जानकारी के अनुसार कुल 854 पदों में ई-संवर्ग की शालाओं के 424 और टी-संवर्ग की शालाओं के 430 पद शामिल हैं।

हिन्दी, अंग्रेजी और संस्कृत में सबसे ज्यादा पद

विषयवार पदों की बात करें तो हिन्दी, अंग्रेजी और संस्कृत में सबसे अधिक 120-120 पद रखे गए हैं। इसके अलावा भौतिकी के 94, राजनीति शास्त्र के 100, इतिहास के 100, भूगोल के 100 और अर्थशास्त्र के 100 पदों पर भर्ती होगी।

29 नवंबर को संभावित है भर्ती परीक्षा

व्याख्याता पदों के लिए लिखित भर्ती परीक्षा का आयोजन छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल (CGSSB) द्वारा किया जाएगा। परीक्षा की संभावित तिथि 29 नवंबर 2026 निर्धारित की गई है।

भर्ती के लिए शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा, आरक्षण तथा अन्य आवश्यक शर्तों की विस्तृत जानकारी विभाग द्वारा जारी किए जाने वाले भर्ती विज्ञापन में दी जाएगी। परीक्षा का पाठ्यक्रम छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल की वेबसाइट पर उपलब्ध कराया जाएगा।

आवेदन की तारीख अलग से होगी जारी

व्याख्याता भर्ती का विस्तृत विज्ञापन व्यापम की वेबसाइट पर जारी किया जाएगा। वहीं आवेदन शुरू होने की तारीख और आवेदन प्रक्रिया से संबंधित अन्य महत्वपूर्ण जानकारी छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल द्वारा अलग से जारी की जाएगी। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि भर्ती से संबंधित आधिकारिक सूचनाओं पर नजर बनाए रखें।