🔴 महिला तश्कर सहित 3 गिरफ्तार, 29.22 लाख से अधिक की संपत्ति जब्त
भिलाई नगर, 20 सितंबर 2026। खुर्सीपार पुलिस ने नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए जीरो स्ट्रीट जोन-3 स्थित एक मकान में दबिश देकर 70.460 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक जब्त हेरोइन की कीमत करीब 14 लाख 9 हजार 200 रुपये है। मामले में एक महिला समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार थाना प्रभारी निरीक्षक लक्ष्मण केंवट को 19 सितंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि जसबीर कौर उर्फ सोनू अपने मकान में नितेश सोनी के साथ मिलकर अवैध रूप से चिट्टा बेच रही है। सूचना की तस्दीक के बाद पुलिस टीम ने जीरो स्ट्रीट जोन-3 स्थित मकान में घेराबंदी कर दबिश दी।
मौके से पुलिस ने जसबीर कौर उर्फ सोनू और नितेश सोनी को पकड़ा। तलाशी के दौरान मकान में रखी लोहे की आलमारी से सफेद प्लास्टिक की झिल्ली में रखा मादक पदार्थ बरामद हुआ। इलेक्ट्रॉनिक तराजू से तौल करने पर इसका वजन 70.460 ग्राम पाया गया।
नकदी और सोने-चांदी के जेवर भी बरामद
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 2 लाख 35 हजार 100 रुपये नकद, करीब 71.35 ग्राम वजन के 19 नग सोने के आभूषण, करीब 727.70 ग्राम वजन के 27 नग चांदी के आभूषण व बर्तन, विभिन्न कंपनियों के 8 मोबाइल फोन और 3 इलेक्ट्रॉनिक तराजू जब्त किए हैं।
पुलिस के अनुसार जब्त सामान की कुल अनुमानित कीमत 29 लाख 22 हजार 300 रुपये है।
पूछताछ में सप्लायर और खरीदारों के नाम सामने आने का दावा
पुलिस के मुताबिक आरोपियों से पूछताछ में नितेश सोनी ने कथित तौर पर जसबीर कौर के कहने पर जामुल क्षेत्र के रवेल सिंह से चिट्टा खरीदने और दोनों के साथ मिलकर उसे बेचने की जानकारी दी। वहीं जसबीर कौर से पूछताछ में पुलिस ने कई अन्य लोगों को मादक पदार्थ बेचने तथा कुछ लोगों को बिक्री के लिए चिट्टा और डोडा देने की जानकारी सामने आने का दावा किया है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 0431/2026, धारा 8, 21(ख) और 27(क) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया है। दोनों आरोपियों को 19 सितंबर की रात गिरफ्तार किया गया।
आरोपी का नाम
- जसबीर कौर उर्फ सोनू, उम्र 25 वर्ष, निवासी जोन क्रमांक 03, एवीसी झोपड़पट्टी, जीरो स्ट्रीट, खुर्सीपार, भिलाई, जिला दुर्ग।
- नितेश सोनी, उम्र 32 वर्ष, निवासी हाउसिंग बोर्ड एलआईजी, मकान नंबर 701, इंडस्ट्रियल एरिया, भिलाई, थाना जामुल, जिला दुर्ग।
- तिरकेश निषाद, उम्र 21 वर्ष, निवासी डॉ. राजेंद्र प्रसाद नगर, खुर्सीपार, भिलाई, जिला दुर्ग।
- 02 विधि से संघर्षरत बालक
पुलिस का कहना है कि मामले में सामने आए अन्य नामों और मादक पदार्थ के स्रोत को लेकर भी जांच की जा रही है।

