बीएसपी में विश्वकर्मा पूजा पर उत्सव आयोजन, पंडाल निर्माण एवं प्रसाद वितरण नहीं होगा, प्रवेश के लिए पास भी नहीं जारी किया जाएगा, महाप्रबंधक ने जारी किया आदेश
भिलाई नगर 6 सितंबर । भिलाई इस्पात संयंत्र में 17 सितंबर को विश्वकर्मा पूजा के अवसर संयंत्र, खदान एवं टाउनशिप क्षेत्र में उत्सव आयोजन, पंडाल निर्माण, प्रसाद वितरण पूर्णता प्रतिबंधित रहेगा। इसके अलावा विश्वकर्मा पूजा को लेकर प्रवेश हेतु पास भी जारी नहीं किया जाएगा।
महाप्रबंधक कार्मिक नियमन, एच.आर.आई.एस अनुराधा सिंह ने आज जारी आदेश में उल्लेखित किया है कि मौजूदा महामारी की स्थिति के कारण, सार्वजनिक स्थानों पर इकट्ठा होना अभी भी प्रतिबंधित है। व्यापक जनहित में और कोविड-19 के प्रसार को रोकने के लिए भारत सरकार द्वारा
समय-समय पर जारी, विभिन्न दिशा-निर्देशों का अनुपालन किया जाना है। उक्त के मद्देनजर, वर्ष 2021 की ‘विश्वकर्मा पूजा’ के उपलक्ष्य यह निर्णय लिया गया है कि बी.एस.पी. के किसी भी विभाग/कार्यालयों के साथ साथ संयंत्र, खदान तथा टाउनशिप में संचालित ठेकेदारों के प्रतिष्ठानों में उत्सव करना, पंडाल का निर्माण, एकत्रित होना, प्रसाद वितरण, पूजा कार्यक्रम हेतु पुजारी बुलाना, मूर्ति विसर्जन आदि का आयोजन नहीं किया जाएगा। सभी संबंधितों से अनुरोध है कि उपर्युक्त दिशानिर्देशों का कड़ाई से पालन करें। सभी विभागाध्यक्षों से भी अनुरोध है कि कार्मिकों के बीच उक्त का व्यापक प्रचार-प्रसार करें। उपर्युक्त दिशानिर्देशों का पालन न करने को गंभीरता से लिया जाएगा तथा कार्रवाई के लिए उत्तरदायी होंगे। तद्नुसार, उपर्युक्त उद्देश्य हेतु कोई भी प्रवेश पास जारी नहीं किया जाएगा।

