क्रिकेट क्षेत्रीय स्पर्धा के लिए जिले के अंडर-14 टीम के लिए 16 खिलाड़ियों का हुआ चयन, राजनांदगांव स्पर्धा में 16 सितंबर को टीम होगी शामिल
दुर्ग 6 सितंबर । स्कूल गेम फेडरेशन ऑफ इंडिया के तहत दुर्ग में जिला स्तरीय अंडर-14 क्रिकेट चयन स्पर्धा का आयोजन मुख्य आयोजनकर्त्ता कृष्णा पब्लिक स्कूल सुंदर नगर के द्वारा भिलाई विद्यालय सेक्टर 2 के खेल मैदान में आज किया गया। इस चयन स्पर्धा में जिले से शासकीय एवं निजी स्कूलों के करीब 135 खिलाड़ियों ने ट्रायल दिया। चयनकर्ताओं में केपीएस स्कूल सुंदर नगर भिलाई के स्पोर्ट्स ऑफिसर राजेंद्र सिंह एवं जिला शिक्षा विभाग से इश्तियाक अहमद थे।
मुख्य चयनकर्ता राजेंद्र सिंह ने बताया कि भिलाई विद्यालय सेक्टर 2 खेल मैदान में आयोजित इस चयन प्रतियोगिता में पूरे दुर्ग जिले के शासकीय एवं निजी विद्यालयों से कुल 135 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया । सुबह शुरू हुई इस चयन प्रक्रिया में एक-एक करके सभी खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर दिया गया ।
पहले राउंड में 45 खिलाड़ियों का चयन किया गया था। दूसरे राउंड में इन 45 खिलाड़ियों में से केवल 16 खिलाड़ियों का चयन किया गया है। स्टैंड बाय मे 3 खिलाड़ियों को शामिल किया गया है ।आज चयनित खिलाड़ियों से बनी टीम दुर्ग जिले का प्रतिनिधित्व करेगी। राजनांदगांव में 16 सितंबर को आयोजित क्षेत्रीय स्पर्धा में हिस्सा लेगी । इस क्षेत्रीय स्पर्धा में जिला बालोद, कवर्धा, राजनांदगांव ,दुर्ग एवं बेमेतरा जिले की टीमें हिस्सा लेंगी। श्री सिंह ने बताया कि 7 सितंबर को अंडर-19 एवं 8 सितंबर को सुपर 7 अंडर-19 क्षेत्रीय स्पर्धा का आयोजन किया गया है।

