Durg : पाटन-मोतीपुर रोड पर दो सड़क हादसे, दो बाइक सवारों की मौत

Durg : पाटन-मोतीपुर रोड पर दो सड़क हादसे, दो बाइक सवारों की मौत


🔴गोवंश ने भी गंवाई जान, दो घायल, अमलेश्वर क्षेत्र में रात में हुए अलग-अलग हादसे, पुलिस जांच में जुटी

दुर्ग, 16 सितंबर 2026। अमलेश्वर थाना क्षेत्र के अंतर्गत पाटन-मोतीपुर रोड पर हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो बाइक सवार युवकों की मौत हो गई। एक दुर्घटना में बाइक की गोवंश से टक्कर हो गई, जिसमें गोवंश की भी मौत हो गई। वहीं दूसरे हादसे में बाइक सड़क किनारे लगे सीमेंट पोल से जा टकराई। इस हादसे में दो अन्य युवक घायल हुए हैं। दोनों मामलों में अमलेश्वर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

गोवंश से टकराई बाइक, युवक की मौत

अमलेश्वर पुलिस के अनुसार पहला हादसा 15 सितंबर की रात करीब 9 बजे मोतीपुर चौक के पास हुआ। बताया गया कि रायपुर से पाटन की ओर आ रहा मोटरसाइकिल सवार नवीन कुमार नाग (26) अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर मौजूद गोवंश से टकरा गया। हादसे में नवीन कुमार नाग की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर में गोवंश की भी मौत हो गई।

सीमेंट पोल से टकराई मोटरसाइकिल, युवक ने तोड़ा दम

दूसरा हादसा मोतीपुर-पाटन रोड पर ग्राम झीट के पास कल शाम 7:00 हुआ है। महासमुंद निवासी चिरंजीवी यादव (35) अपने दो साथियों के साथ मोटरसाइकिल से पाटन से रायपुर की ओर जा रहा था। इसी दौरान बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे सीमेंट पोल से टकरा गई।

हादसे में चिरंजीवी यादव की मौत हो गई, जबकि उसके साथी धोनी सर्व (19) सहित एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।

दोनों दुर्घटनाओं की सूचना मिलने के बाद अमलेश्वर पुलिस ने घटनास्थल की जांच की और मामले दर्ज कर लिए हैं। पुलिस हादसों के कारणों और घटनाक्रम की विस्तृत विवेचना कर रही है।