दुर्ग बायपास पर खड़े ट्रेलर से टकराकर बाइक सवार युवक की मौत

दुर्ग बायपास पर खड़े ट्रेलर से टकराकर बाइक सवार युवक की मौत


🔴बिना सुरक्षा संकेतक जलाए मेन रोड पर खड़ा था ट्रेलर, मोहन नगर पुलिस ने चालक के खिलाफ दर्ज किया अपराध

दुर्ग, 15 सितंबर 2026। मोहन नगर थाना क्षेत्र के उरला बायपास टोल प्लाजा के पास सड़क पर कथित तौर पर बिना किसी सुरक्षा संकेतक के खड़े ट्रेलर से बाइक टकराने से 33 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसे में युवक को सिर, मुंह, हाथ-पैर समेत शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मर्ग जांच के बाद मोहन नगर पुलिस ने ट्रेलर चालक के खिलाफ अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक मृतक की पहचान योगेश कुमार साहू, पिता भोलाराम साहू, उम्र 33 वर्ष, निवासी कादम्बरी नगर वार्ड-17, आरोग्य अस्पताल के पीछे, दुर्ग के रूप में हुई है। घटना 12 सितंबर 2026 की रात करीब 8.35 बजे की है।

मर्ग जांच में सामने आया कि योगेश साहू अपनी मोटरसाइकिल CG 07 CX 5773 से कोटनी की ओर से दुर्ग लौट रहा था। वह उरला बायपास टोल प्लाजा के पास पहुंचा, जहां डाला बॉडी ट्रेलर क्रमांक NL 01 AJ 5477 सड़क पर खड़ा था। पुलिस जांच के अनुसार ट्रेलर चालक ने वाहन को मेन रोड पर बिना आवश्यक सुरक्षा सुविधा/संकेतक के लापरवाहीपूर्वक खतरनाक तरीके से खड़ा किया था।

इसी दौरान योगेश की बाइक खड़े ट्रेलर से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि योगेश को गंभीर चोटें आईं और वह मौके पर ही बेहोश हो गया। एनएचएआई-1033 टोल पेट्रोलिंग की मदद से उसे जिला अस्पताल दुर्ग पहुंचाया गया, जहां चिकित्सक ने जांच के बाद Brought Dead घोषित कर दिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।

घटना के बाद मोहन नगर पुलिस ने मर्ग क्रमांक 82/2026, धारा 194 बीएनएसएस के तहत जांच शुरू की। मर्ग जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने ट्रेलर चालक का कृत्य लापरवाहीपूर्वक और खतरनाक तरीके से वाहन खड़ा करने के कारण दुर्घटना एवं मृत्यु का कारण बनना पाया।

इसके बाद 15 सितंबर 2026 की दोपहर मोहन नगर पुलिस ने वाहन क्रमांक NL 01 AJ 5477 के चालक के खिलाफ अपराध क्रमांक 0659/2026 दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपी चालक के विरुद्ध धारा 106(1) बीएनएस, 122 एमवी एक्ट एवं 177 एलकेएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है। पुलिस हादसे की परिस्थितियों और आरोपी चालक की भूमिका की जांच कर रही है।