सेक्टर-10 में सजा दंतेश्वरी मंदिर और मीनाक्षी मंदिर का भव्य प्रतिरूप

सेक्टर-10 में सजा दंतेश्वरी मंदिर और मीनाक्षी मंदिर का भव्य प्रतिरूप


🔴शिव मानस गणेशोत्सव समिति के आयोजन का 34वां वर्ष, 5000 वर्गफीट की रनिंग LED वॉल बनी आकर्षण का केंद्र

भिलाईनगर, 15 सितंबर 2026। शिव मानस गणेशोत्सव समिति, सेक्टर-10 द्वारा गणेशोत्सव के अवसर पर इस वर्ष श्रद्धालुओं के लिए धार्मिक एवं सांस्कृतिक आकर्षण से भरपूर भव्य आयोजन किया गया है। समिति के 34वें वर्ष के आयोजन में छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध दंतेवाड़ा स्थित दंतेश्वरी मंदिर का प्रतिरूप तैयार किया गया है। इसके साथ ही दक्षिण भारत के प्रसिद्ध मीनाक्षी मंदिर, मदुरै में स्थापित मुक्कुरुनी विनायगर गणपति जी की प्रतिकृति भी श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए स्थापित की गई है।

समिति के अनुसार, मुक्कुरुनी विनायगर गणपति जी की प्रतिमा मीनाक्षी अम्मन मंदिर के सरोवर की खुदाई के दौरान एक ही काले पत्थर से प्राप्त हुई थी। इसी ऐतिहासिक धार्मिक स्वरूप की प्रतिकृति को इस वर्ष गणेशोत्सव परिसर में विशेष रूप से प्रदर्शित किया गया है।

5000 वर्गफीट की रनिंग LED वॉल बनी विशेष आकर्षण

गणेशोत्सव परिसर के आंतरिक हिस्से में इस बार 5000 वर्गफीट की रनिंग LED वॉल लगाई गई है, जिस पर हिंदू आस्था और धार्मिक विषयों से संबंधित दृश्य प्रदर्शित किए जा रहे हैं। समिति का दावा है कि छत्तीसगढ़ में पहली बार इतने बड़े क्षेत्रफल में इस प्रकार की रनिंग LED वॉल के माध्यम से धार्मिक दृश्यों का प्रदर्शन किया जा रहा है, जो श्रद्धालुओं के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।

विभिन्न मंदिरों के प्रतिरूपों के दर्शन कराने का उद्देश्य

शिव मानस गणेशोत्सव समिति का उद्देश्य प्रत्येक वर्ष भिलाईनगरवासियों को देश के विभिन्न प्रदेशों में स्थापित प्रसिद्ध मंदिरों और धार्मिक स्थलों के प्रतिरूपों का दर्शन सेक्टर-10 में ही कराने का रहा है। इसी उद्देश्य के तहत समिति द्वारा हर वर्ष अलग-अलग धार्मिक एवं सांस्कृतिक विषयों को भव्य स्वरूप प्रदान किया जाता है।

निःशुल्क दर्शन और पार्किंग की व्यवस्था

समिति ने श्रद्धालुओं के लिए दर्शन एवं पार्किंग की निःशुल्क व्यवस्था की है। किसी भी प्रकार का दर्शन शुल्क या पार्किंग शुल्क नहीं लिया जा रहा है। परिसर की सुरक्षा के लिए CCTV कैमरों से निगरानी की जा रही है। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए महिलाओं एवं पुरुषों के लिए पृथक दर्शन लाइन की व्यवस्था भी की गई है।

आयोजन को सफल बनाने में समिति के अध्यक्ष मास्टर केसैया (कोंट्रा), महासचिव गणेश गोस्वामी, कोषाध्यक्ष प्रमोद यादव, उपाध्यक्ष दिलीप कोल्हे, शिवप्रकाश, देवेंद्र (रवि), प्रदीप दलाई, राजेश बिसाई, सचिव धीमन बैद्य, अभिषेक, सौरभ, उपकोषाध्यक्ष विजय भास्कर, कार्यक्रम व्यवस्थापक आदित्य गोस्वामी, यश फंड, अक्षत गोस्वामी, के. मयंक सहित समिति के अन्य युवा साथियों का महत्वपूर्ण योगदान है।

समिति के उपकोषाध्यक्ष एस. राजशेखर ने बताया कि आयोजन का उद्देश्य धार्मिक आस्था के साथ-साथ भिलाईवासियों को देश के अलग-अलग हिस्सों की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत से परिचित कराना है।