भिलाई स्टील प्लांट में दर्दनाक हादसा, मशीन में फंसे ठेका श्रमिक की मौत

भिलाई स्टील प्लांट में दर्दनाक हादसा, मशीन में फंसे ठेका श्रमिक की मौत


भिलाई नगर, 14 सितंबर 2026। भिलाई इस्पात संयंत्र में सोमवार को एक दर्दनाक हादसे में 33 वर्षीय ठेका श्रमिक की मौत हो गई। हादसा कोक ओवन एवं कोल केमिकल विभाग (सीओ एवं सीसीडी) के एमसीआर-3 क्षेत्र में शाम करीब 4:35 बजे हुआ। भिलाई इस्पात संयंत्र प्रबंधन ने दुर्घटना की पुष्टि की है।

जानकारी के अनुसार मृतक ललित कुमार साहू (33) मेसर्स उत्कल प्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड में एसएसडब्ल्यू (संविदा कर्मचारी) के रूप में कार्यरत थे और सामान्य पाली में ड्यूटी पर थे। घटना के दौरान कोक ओवन बैटरी-5 एवं 6 के एमसीआर-3 के पीछे अचानक आवाज सुनाई दी। आसपास कार्यरत कर्मचारी मौके पर पहुंचे तो ललित कुमार साहू ‘हेमन’ मेक स्किड स्टीयर लोडर के सामने के दरवाजे और बकेट के बीच फंसे हुए मिले।

बताया गया कि दुर्घटना के समय मशीन चालू अवस्था में थी। उनका निचला शरीर मशीन के बाहर, जबकि ऊपरी शरीर मशीन के अंदर दरवाजे के कांच की ओर था। कर्मचारियों ने उन्हें मशीन से बाहर निकाला और तत्काल एम्बुलेंस से एमएमपी-1 अस्पताल पहुंचाया। वहां ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मृतक ललित कुमार साहू राजनांदगांव जिले के नवागांव के रहने वाले थे। उनके निकटतम परिजन के रूप में पत्नी निर्मला साहू (32 वर्ष) हैं।

भिलाई इस्पात संयंत्र में लगातार हो रहे औद्योगिक हादसों के बीच एक बार फिर ठेका श्रमिक की मौत ने संयंत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच के बाद ही हादसे की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी।