जांच पर पहुंची महिला PSI से डॉक्टर ने की धक्का-मुक्की, उंगली काटी मुंह से

जांच पर पहुंची महिला PSI से डॉक्टर ने की धक्का-मुक्की, उंगली काटी मुंह से


🔴भिलाई नगर थाने में FIR दर्ज

भिलाईनगर, 10 सितंबर 2026। थाना अंडा के एक मामले की विवेचना में सहयोग के लिए सेक्टर-8 भिलाई पहुंची प्रशिक्षु महिला उप निरीक्षक के साथ कथित तौर पर डॉक्टर द्वारा धक्का-मुक्की और मारपीट करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि पूछताछ के दौरान महिला ने पुलिसकर्मी की उंगली में दांत से काटकर चोट पहुंचाई। मामले में भिलाई नगर पुलिस ने डॉक्टर के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा और ड्यूटी के दौरान पुलिसकर्मी से मारपीट के आरोप में अपराध दर्ज किया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, थाना उतई में प्रशिक्षु उप निरीक्षक लीनिमा साहू पदस्थ हैं। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर वह थाना अंडा के अपराध क्रमांक 93/2026, धारा 137(2) बीएनएस के प्रकरण की विवेचना में सहयोग के लिए थाना अंडा पहुंची थीं। आमद देने के बाद शासकीय विवेचना कार्य के लिए हमराह स्टाफ के साथ सेक्टर-8 भिलाई पहुंचीं।

पुलिस के मुताबिक टीम प्रकरण से संबंधित संदेही डॉक्टर झरना राणा उर्फ स्वीटी, पति व्ही.के. सिंह, निवासी क्वार्टर नंबर 9/ए, केसीएस स्ट्रीट, सेक्टर-8 भिलाई के घर पहुंची। वहां पुलिस टीम द्वारा प्रकरण की पीड़िता के संबंध में पूछताछ की जा रही थी।

इसी दौरान डॉक्टर यह कहकर घर के अंदर चली गई कि वह आती है। प्रशिक्षु उप निरीक्षक भी उनके पीछे गईं। आरोप है कि महिला रसोई में अपने बाएं हाथ में पानी की बोतल में मिट्टी का तेल लिए हुई थी और दाहिने हाथ में माचिस पकड़े थी। पुलिसकर्मी द्वारा पूछे जाने पर महिला ने मिट्टी के तेल की बोतल खोलने का प्रयास किया।

स्थिति को देखते हुए प्रशिक्षु उप निरीक्षक ने महिला को पकड़कर उसके हाथ से बोतल छीन ली और उसे बाहर लेकर आईं। इसी दौरान आरोप है कि डॉक्टर ने पुलिसकर्मी से विवाद करते हुए शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाई और कर्तव्यों के पालन से रोकने का प्रयास किया।

पुलिस रिपोर्ट के अनुसार, इसी दौरान आरोपी महिला ने धक्का-मुक्की करते हुए प्रशिक्षु उप निरीक्षक के बाएं हाथ की उंगली में दांत से काट दिया, जिससे उंगली से खून निकलने लगा। घटना के समय मौजूद पुलिस स्टाफ ने बीच-बचाव किया।

घटना की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को देने के बाद प्रशिक्षु उप निरीक्षक लीनिमा साहू की रिपोर्ट पर भिलाई नगर पुलिस ने अपराध क्रमांक 0514/2026 दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपी डॉक्टर झरना राणा उर्फ स्वीटी के खिलाफ धारा 121(1) एवं 221 बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है।