भिलाई : हथखोज रेलवे क्रॉसिंग पर पोल से टकराया 18 चक्का हाईवा

भिलाई : हथखोज रेलवे क्रॉसिंग पर पोल से टकराया 18 चक्का हाईवा


🔴अनियंत्रित होकर क्रॉसिंग में घुसा भारी वाहन, पोल क्षतिग्रस्त; चालक-परिचालक सुरक्षित

भिलाईनगर, 09 सितंबर 2026। पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र के हथखोज रेलवे क्रॉसिंग पर बीती रात एक बड़ा हादसा टल गया। इंडस्ट्रियल एरिया हथखोज से भिलाई की ओर जा रहा 18 चक्का हाईवा अनियंत्रित होकर रेलवे क्रॉसिंग पर लगे पोल से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि क्रॉसिंग का पोल क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।

नगर पुलिस अधीक्षक छावनी प्रशांत पैकरा ने बताया कि हाईवा क्रमांक सीजी 10 BW 0134 बीती रात इंडस्ट्रियल एरिया हथखोज से भिलाई की ओर जा रहा था। इसी दौरान वाहन चालक का नियंत्रण बिगड़ गया और हाईवा हथखोज रेलवे क्रॉसिंग में लगे पोल से जा भिड़ा।

हादसे में रेलवे क्रॉसिंग का पोल क्षतिग्रस्त हुआ है। दुर्घटना के समय हाईवा में मौजूद चालक और परिचालक दोनों सुरक्षित हैं। हादसे में किसी के घायल होने या अन्य जनहानि की सूचना नहीं है। पुलिस द्वारा घटना के संबंध में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।