भिलाईनगर, 07 सितंबर 2026। जामुल थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात तेज रफ्तार बाइक से स्टंटबाजी कर रील बनाना युवकों को भारी पड़ गया। पुलिस ने तीन सवारी बुलेट पर सवार होकर स्टंट कर रहे चालक को शराब के नशे में पकड़ा। इसके करीब पांच मिनट बाद काले रंग की बिना नंबर प्लेट वाली थार से थाना परिसर पहुंचे उसके पांच अन्य साथी भी शराब के नशे में पाए गए। पुलिस ने सभी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार 7 सितंबर की रात करीब 2 बजे बुलेट क्रमांक CG 04 MY 3982 पर तीन युवक सवार होकर तेज आवाज वाले मॉडिफाइड साइलेंसर के साथ तेज रफ्तार में वाहन चला रहे थे और स्टंटबाजी करते हुए रील बना रहे थे। इससे दुर्घटना की स्थिति उत्पन्न हो रही थी। पुलिस टीम ने तत्काल वाहन को रोककर चालक की जांच की।
जांच में पवन तिवारी निवासी हाउसिंग बोर्ड, जामुल शराब के नशे में वाहन चलाता पाया गया। उसके खिलाफ थाना जामुल में अपराध क्रमांक 646/2026 के तहत धारा 281 BNS तथा धारा 184, 185 मोटरयान अधिनियम में कार्रवाई की गई।
थाना परिसर पहुंचे पांच साथी भी नशे में मिले
घटना के करीब पांच मिनट बाद काले रंग की बिना नंबर प्लेट वाली थार से पांच युवक थाना परिसर पहुंचे। पुलिस ने मौके पर उनका अल्कोहल परीक्षण कराया, जिसमें सभी शराब के नशे में पाए गए। सार्वजनिक स्थान पर शराब सेवन कर नशे की हालत में पाए जाने और लोक शांति भंग करने के संबंध में उनके खिलाफ धारा 36(च) आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।
कार्रवाई की जद में अंश कुमार (22), नमन पगार (19), अमित कुमार जयसवार (20), नितिन शर्मा (23) और आर्यन मिश्रा (21) शामिल हैं। सभी जामुल क्षेत्र के हाउसिंग बोर्ड और कैलाश नगर के निवासी बताए गए हैं।
बिना नंबर प्लेट और काले शीशे वाली थार पर भी कार्रवाई
पुलिस ने थार वाहन की भी जांच की। वाहन में नंबर प्लेट नहीं लगी थी तथा शीशों पर काली फिल्म लगी हुई थी। इसके अलावा आवश्यक वाहन दस्तावेज भी प्रस्तुत नहीं किए गए। पुलिस ने मोटरयान अधिनियम की प्रासंगिक धाराओं के तहत वाहन पर कार्रवाई की।
पुलिस के मुताबिक युवकों द्वारा देर रात सार्वजनिक स्थान पर मॉडिफाइड साइलेंसर के साथ तेज गति और खतरनाक तरीके से वाहन चलाकर रील बनाने का प्रयास किया जा रहा था। बाद में शराब के नशे में थाना परिसर पहुंचकर पुलिस कार्रवाई में हस्तक्षेप करने की कोशिश भी की गई।
दुर्ग पुलिस ने लोगों से अपील की है कि शराब पीकर वाहन न चलाएं और सड़क पर स्टंटबाजी अथवा तेज व खतरनाक तरीके से वाहन चलाकर अपनी और दूसरों की जान जोखिम में न डालें। पुलिस ने स्पष्ट किया कि बिना नंबर प्लेट, काले शीशे और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।

