Lockdown Return – ओडिशा में फिर से लग सकता है लॉकडाउन, सीएम नवीन पटनायक ने दी है चेतावनी
भुनेश्वर, 9 सितंबर। ओडिशा के सीएम नवीन पटनायक ने प्रदेश के नागरिकों को चेतावनी देते हुए कहा है कि लोगों को कोरोना गाइडलाइन का सख्ती से पालन करना होगा अन्यथा प्रदेश सरकार एक बार फिर से कोरोना को लेकर लॉकडाउन के प्रतिबंध लगाने के लिए मजबूर हो जाएगी। उन्होंने कहा है कि केरल में कोविड संक्रमण के मामले चिंताजनक हैं, इसलिए हमें संभावित तीसरी लहर से खुद को बचाने के लिए कोविड के दिशा निर्देशों का सख्ती से पालन करना होगा। नवीन पटनायक ने प्रदेश में COVID-19 स्थिति की समीक्षा की और लोगों को संभावित तीसरी लहर के बारे में चेतावनी दी। सीएम ने कहा कि लोग नहीं माने तो फिर से लॉकडाउन लगा दिया जाएगा। समीक्षा बैठक में हाट, बाजार, धार्मिक संस्थानों और स्वास्थ्य संस्थानों पर प्रशासन को कड़ी नजर रखने का निर्देश दिया हैं। अधिकारियों को उन क्षेत्रों में सूक्ष्म नियंत्रण क्षेत्र बनाने का निर्देश दिया है जहां डेल्टा वैरिएंट के मामले पाए जा रहे हैं। सीएम ने कहा चूंकि बच्चों को अभी तक टीका नहीं लगाया गया है, इसलिए हमें उनके लिए सावधान रहना होगा। लापरवाही की रिपोर्ट सामने आने पर शिक्षण संस्थान जिम्मेदार होंगे। उन्होंने स्थानीय प्रशासन को विशेष टीम बनाने का भी निर्देश दिया और कहा कि शिक्षण संस्थानों का नियमित निरीक्षण करें। सीएम पटनायक की चेतावनी उस दिन आई है जब राज्य के ढेंकनाल, बरगढ़ और अंगुल के तीन अलग-अलग स्कूलों के लगभग चौंतीस स्कूली छात्रों में कोविड -19 का पता चला है।
बता दें कि ओडिशा सीएम नवीन पटनायक सरकार ने कोविड दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए 26 जुलाई से 10वीं और 12वीं कक्षा के लिए और 16 अगस्त से 9वीं और 11वीं कक्षा के लिए स्कूल खोलने की अनुमति दी थी। हालांकि इन कक्षाओं में उपस्थिति अनिवार्य नहीं की गई है और स्कूलों को उन लोगों के लिए ऑनलाइन कक्षाएं जारी रखने के लिए कहा गया है जो उपस्थित नहीं होना चाहते हैं।

