जस्टिस कृष्ण राम महापात्रा होंगे छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट के नए चीफ जस्टिस

जस्टिस कृष्ण राम महापात्रा होंगे छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट के नए चीफ जस्टिस


सीजी न्यूज़ ऑनलाइन, 6 सितंबर 2026। ओडिशा हाई कोर्ट के वरिष्ठ न्यायाधीश जस्टिस कृष्ण राम महापात्रा को छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट का नया चीफ जस्टिस नियुक्त किया गया है। भारत के राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भारत के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस सूर्य कांत से परामर्श के बाद उनकी नियुक्ति को मंजूरी दी है। केंद्र सरकार ने शनिवार को इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी।

जस्टिस के.आर. महापात्रा का जन्म 18 अप्रैल 1965 को हुआ था। उन्होंने बीए और एलएलबी की शिक्षा प्राप्त की है। वे दिवंगत जस्टिस शरत चंद्र महापात्रा के पुत्र हैं। उन्होंने 7 फरवरी 1988 को ओडिशा स्टेट बार काउंसिल में अधिवक्ता के रूप में नामांकन कराया था।

जस्टिस महापात्रा को सिविल, सर्विस, क्रिमिनल और संवैधानिक कानून सहित विभिन्न क्षेत्रों में करीब 26 वर्षों का वकालत का अनुभव रहा है। उन्हें गार्डियंस एंड वार्ड्स एक्ट, हिंदू माइनॉरिटी एंड गार्डियनशिप एक्ट, हिंदू अडॉप्शन एंड मेंटेनेंस एक्ट तथा जुवेनाइल जस्टिस एक्ट जैसे कानूनों में भी विशेषज्ञता हासिल है।

उन्होंने राज्य सरकार और ओडिशा लोक सेवा आयोग के लिए एडिशनल स्टैंडिंग काउंसिल के रूप में भी सेवाएं दी हैं। इसके अलावा वे सेंट्रल कोऑपरेटिव बैंक लिमिटेड, क्योंझर, भारत सरकार के मानव संसाधन विकास मंत्रालय के अधीन नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ ओपन स्कूलिंग, नीलाचल इस्पात निगम लिमिटेड और बैंक ऑफ बड़ौदा सहित विभिन्न संस्थानों के अधिवक्ता रह चुके हैं।

17 अप्रैल 2015 को उन्हें ओडिशा हाई कोर्ट का न्यायाधीश नियुक्त किया गया था। अब उन्हें छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट की न्यायपालिका का नेतृत्व करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।