नाम-पहचान बदली, ठिकाने बदले… नहीं बच सका पुलिस से! 2 साल से फरार ईनामी गिरफ्तार

नाम-पहचान बदली, ठिकाने बदले… नहीं बच सका पुलिस से! 2 साल से फरार ईनामी गिरफ्तार


🔴छिपकर पंजाब, छत्तीसगढ़ समेत कई स्थानों पर रह रहा था आरोपी, जामुल पुलिस ने दबोचा

भिलाईनगर, 05 सितंबर 2026। हत्या के प्रयास के मामले में करीब दो वर्षों से फरार चल रहे ईनामी आरोपी को जामुल पुलिस ने गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी अपनी पहचान छिपाकर पंजाब, छत्तीसगढ़ समेत अन्य स्थानों पर ठिकाने बदल-बदलकर रह रहा था। पुलिस ने मुखबिर की सूचना और लगातार निगरानी के आधार पर आरोपी को पकड़ने में सफलता हासिल की।

ग्रामीण एएसपी मणिशंकर चन्द्रा ने बताया कि वर्ष 2024 में कुरूद निवासी योगेश सहारे (32) ने थाना जामुल में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में बताया गया था कि उसके छोटे भाई नरेन्द्र सहारे पर स्कूटी सवार चालक ने प्राणघातक हमला कर गंभीर चोट पहुंचाई है। मामले में थाना जामुल पुलिस ने अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की थी।

विवेचना के दौरान पुलिस आरोपी की लगातार तलाश कर रही थी, लेकिन वह गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपना ठिकाना बदल रहा था। पुलिस टीम ने आरोपी की पहचान और उसके संभावित ठिकानों की जानकारी जुटाई। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस पूछताछ और उपलब्ध अभिलेखों की जांच में आरोपी के विरुद्ध दुर्ग जिले के विभिन्न थानों में पूर्व से अलग-अलग अपराध दर्ज होना भी सामने आया है। बताया गया कि थाना छावनी के वर्ष 2024 के एक प्रकरण में आरोपी के विरुद्ध ईनाम भी घोषित किया गया था।

जामुल पुलिस की सक्रियता और लगातार किए जा रहे प्रयासों के परिणामस्वरूप कैम्प-01 निवासी सेवा सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड एवं अन्य मामलों में उसकी भूमिका की भी जांच कर रही है।