🔴‘ANSHU MATKA’ चैनल से वीडियो अपलोड कर सट्टा गतिविधियों को देता था बढ़ावा, 2 मोबाइल जब्त
दुर्ग, 04 सितंबर 2026। सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए सट्टा-मटका गतिविधियों के प्रचार-प्रसार के खिलाफ दुर्ग पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उतई थाना क्षेत्र से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर YouTube चैनल के माध्यम से सट्टा-मटका के अंकों की भविष्यवाणी संबंधी वीडियो बनाकर अपलोड एवं प्रसारित करने का आरोप है। पुलिस ने उसके कब्जे से Vivo कंपनी के दो Android मोबाइल फोन सहित सट्टा गतिविधियों से संबंधित डिजिटल सामग्री जब्त की है।
पुलिस के अनुसार, 4 सितंबर 2026 को थाना उतई पुलिस को सूचना मिली थी कि डुमरडीह बस स्टैंड स्थित अंजली ब्यूटी पार्लर के पास एक व्यक्ति अपने मोबाइल के माध्यम से YouTube पर सट्टा-मटका के अंकों की भविष्यवाणी संबंधी वीडियो बनाकर अपलोड और सार्वजनिक रूप से प्रसारित कर रहा है।
सूचना की तस्दीक के लिए पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिए के आधार पर घेराबंदी कर संदिग्ध को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम रवि चेलक (29 वर्ष), निवासी बड़े पारा, जय स्तंभ चौक, डुमरडीह, थाना उतई, जिला दुर्ग बताया।
‘ANSHU MATKA’ चैनल से वीडियो प्रसारित करने का आरोप
पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में आरोपी की तलाशी ली, जिसमें दो Vivo Android मोबाइल फोन मिले। मोबाइल की जांच करने पर YouTube पर ‘ANSHU MATKA’ नामक चैनल/अकाउंट के माध्यम से ‘राजधानी नाईट कल्याण जोड़ी’ सहित सट्टा-मटका के अंकों की भविष्यवाणी संबंधी वीडियो अपलोड एवं प्रसारित किए जाने की जानकारी सामने आई।
पुलिस ने सट्टा संचालन से संबंधित डिजिटल सामग्री एवं उपलब्ध विवरण को जब्त कर आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 444/2026 के तहत छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम, 2022 की धारा 06(क), 07(1) एवं 11 के अंतर्गत मामला दर्ज किया।
न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया
पुलिस के मुताबिक आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। मामले में सट्टा गतिविधियों से जुड़े अन्य संभावित संपर्कों और पहलुओं की जांच जारी है।
दुर्ग पुलिस ने बताया कि जुआ-सट्टा जैसी अवैध गतिविधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से सट्टा संचालित अथवा प्रचारित करने वालों पर भी निगरानी रखी जा रही है।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि जुआ-सट्टा अथवा किसी भी अवैध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें और अवैध सट्टा गतिविधियों से दूर रहते हुए पुलिस कार्रवाई में सहयोग करें।

