BSP में चोरी की कोशिश नाकाम, 100 किलो कॉपर केबल के साथ 5 आरोपी गिरफ्तार

BSP में चोरी की कोशिश नाकाम, 100 किलो कॉपर केबल के साथ 5 आरोपी गिरफ्तार


🔴कार में केबल लोड कर प्लांट से बाहर ले जाने की थी तैयारी, CISF ने पकड़ा; 80 हजार रुपये का माल व 4 मोबाइल जब्त

भिलाईनगर 04 सितंबर 2026। भिलाई स्टील प्लांट (BSP) परिसर में प्रवेश कर स्क्रैब कॉपर केबल चोरी कर बाहर ले जाने की कोशिश कर रहे पांच आरोपियों को भिलाई भट्ठी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 100 किलोग्राम स्क्रैब कॉपर केबल, जिसकी कीमत 50 हजार रुपये है, तथा घटना में प्रयुक्त चार मोबाइल फोन, कीमत 30 हजार रुपये बरामद किए गए हैं। कुल जब्त सामग्री की कीमत 80 हजार रुपये बताई गई है। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार, 3 सितंबर 2026 को केऔसुब (CISF) इकाई बीएसपी भिलाई की ओर से थाना भिलाई भट्ठी में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी कि कुछ व्यक्ति प्लांट परिसर में प्रवेश कर 100 किलो स्क्रैब कॉपर केबल को कार में लोड कर चोरी कर ले जाने का प्रयास कर रहे हैं। सूचना पर पुलिस ने तत्काल अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।

पूछताछ में सामने आई चोरी की साजिश

विवेचना के दौरान पुलिस ने हरीश बाग, दीपक ठाकुर, प्रेम बंजारे उर्फ गुड्डू, अंकुश ठाकुर उर्फ नौउवा और प्रीतम कुमार उर्फ पंचू को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपियों की अन्य साथियों के साथ मिलकर बीएसपी से स्क्रैब कॉपर केबल चोरी करने में संलिप्तता सामने आई।

आरोपियों के कब्जे से 100 किलो स्क्रैब कॉपर केबल और चार मोबाइल फोन बरामद किए गए। पुलिस ने पांचों आरोपियों को 4 सितंबर को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

प्लांट में घुसकर कार में लोड किया था केबल

पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने भिलाई स्टील प्लांट परिसर में प्रवेश किया और स्क्रैब कॉपर केबल को चोरी कर कार में लोड किया। इसके बाद उसे प्लांट से बाहर ले जाने का प्रयास किया जा रहा था। इसी दौरान CISF की टीम ने आरोपियों को पकड़ लिया।

गिरफ्तार आरोपियों में हरीश बाग (24), दीपक ठाकुर (24), प्रेम बंजारे उर्फ गुड्डू (25), अंकुश ठाकुर उर्फ नौउवा (20) और प्रीतम कुमार उर्फ पंचू (31) शामिल हैं। सभी आरोपी स्टेशन मरोदा एवं रिसाली क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।

अन्य आरोपियों की तलाश जारी

पुलिस ने मामले में चोरी की सामग्री के साथ घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। प्रकरण में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।

इस कार्रवाई में थाना भिलाई भट्ठी प्रभारी निरीक्षक दिलीश्वर चन्द्रवंशी, सहायक उपनिरीक्षक भारत सिंह चौधरी एवं प्रधान आरक्षक पुरूषोत्तम साहू की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अपराध की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें। औद्योगिक एवं सार्वजनिक परिसरों की सुरक्षा के लिए संबंधित सुरक्षा एजेंसियों के साथ समन्वय बनाए रखने की अपील भी की गई है।