🔴54 वर्षों की गौरवशाली परंपरा के साथ 55वें वर्ष में प्रवेश, ‘रंगीलो राजस्थान’ थीम पर सजेगा मातारानी का भव्य पंडाल
भिलाईनगर, 04 सितंबर 2026। पावरहाउस स्थित लालमैदान में आगामी शारदीय नवरात्र उत्सव 2026 की तैयारियों का विधिवत शुभारंभ हो गया है। मातारानी के भव्य पंडाल निर्माण से पूर्व कृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर सुभाष नवयुवक जागृति समिति, लालमैदान, पावरहाउस द्वारा वैदिक विधि-विधान से भूमिपूजन कराया गया। भूमिपूजन के साथ ही लालमैदान दुर्गोत्सव के भव्य आयोजन का औपचारिक आगाज हो गया।
लालमैदान दुर्गोत्सव समिति पिछले 54 वर्षों से नवरात्र पर्व पर भव्य एवं आकर्षक पंडाल का निर्माण कर धार्मिक आयोजन करती आ रही है। इस वर्ष समिति अपने आयोजन के 55वें वर्ष में प्रवेश कर रही है। भिलाई-दुर्ग अंचल की प्रतिष्ठित दुर्गोत्सव समितियों में शामिल लालमैदान का दुर्गा पंडाल नवरात्र के दौरान श्रद्धालुओं के प्रमुख आकर्षण का केंद्र रहता है। यहां हर वर्ष हजारों श्रद्धालु परिवार सहित मातारानी के दर्शन और भव्य पंडाल देखने पहुंचते हैं।

विधि-विधान से हुआ भूमिपूजन, गूंजे जयकारे
भूमिपूजन कार्यक्रम पंडित बृजवासी जी महाराज एवं पंडित बद्रीनाथ जी ने वैदिक रीति-रिवाज एवं विधि-विधान के साथ संपन्न कराया। इस दौरान समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों के साथ क्षेत्र के व्यापारी, नागरिक, पत्रकार, सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर्स और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
भूमिपूजन के बाद समिति की ओर से ‘जय माता दी’ संदेश के साथ रंग-बिरंगे और दिल के आकार के गुब्बारे आकाश में छोड़े गए। इस दौरान ‘जय माता दी’, ‘जय भवानी’ और ‘लालमैदान महारानी की जय’ के जयघोष से पूरा लालमैदान क्षेत्र भक्तिमय हो उठा।

‘रंगीलो राजस्थान’ होगी इस वर्ष की थीम
इस वर्ष लालमैदान में मातारानी के भव्य पंडाल को ‘रंगीलो राजस्थान’ थीम पर तैयार किया जाएगा। पंडाल के माध्यम से राजस्थान की समृद्ध कला, संस्कृति, परंपराओं और विविध रंगों की भव्य झलक देखने को मिलेगी।
समिति के अनुसार इस थीम के माध्यम से ‘विविधता में एकता’ और ‘विभिन्न रंगों में एकता’ का संदेश दिया जाएगा। अलग-अलग संस्कृतियों, परंपराओं और कलाओं के समन्वय से भारत की एकता और अखंडता को प्रदर्शित करने का प्रयास किया जाएगा।
पश्चिम बंगाल के कारीगर बनाएंगे भव्य पंडाल
भूमिपूजन के बाद अब पंडाल निर्माण की तैयारियां तेज हो गई हैं। निर्माण के लिए बांस-बल्लियों सहित अन्य सामग्री लालमैदान पहुंचने का सिलसिला शुरू होगा। आगामी दिनों में पश्चिम बंगाल से विशेष रूप से आने वाले अनुभवी कारीगरों द्वारा पंडाल निर्माण का कार्य शुरू किया जाएगा।

समिति के पूजा प्रभारीगण एवं सदस्यों ने भूमिपूजन कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम में उपस्थित श्रद्धालुओं ने मातारानी का महाप्रसाद ग्रहण किया।
समिति ने बताया कि आगामी शारदीय नवरात्र उत्सव को भव्य, आकर्षक एवं यादगार बनाने के लिए धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों की तैयारियां भी पूरी गति से आगे बढ़ाई जा रही हैं।

