🔴 3.16 लाख रुपए नकद और 12 मोबाइल जब्त; कुल 5.16 लाख की जप्ती
भिलाईनगर, 30 अगस्त 2026। छावनी थाना क्षेत्र के कैंप-1 स्थित वार्ड 34 में एक घर में चल रहे जुआ फड़ पर दुर्ग पुलिस और एसीसीयू की टीम ने दबिश देकर 12 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से 3 लाख 16 हजार 930 रुपए नकद, 52 पत्ती ताश और 12 मोबाइल फोन जब्त किए हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 5 लाख 16 हजार 930 रुपए बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, छावनी पुलिस को सूचना मिली थी कि वार्ड 34 कैंप-1 में एक घर के भीतर कुछ लोग अवैध रूप से जुआ खेल रहे हैं। सूचना की पुष्टि के बाद थाना छावनी और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और घर में दबिश दी। पुलिस कार्रवाई के दौरान 12 लोग जुआ खेलते हुए पकड़े गए।
लाखों की नकदी और मोबाइल बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 3,16,930 रुपए नकद, 52 पत्ती ताश और अलग-अलग कंपनियों के 12 टच स्क्रीन मोबाइल जब्त किए हैं। मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब 2 लाख रुपए आंकी गई है।
पुलिस ने बताया कि आरोपी अवैध आर्थिक लाभ कमाने के उद्देश्य से जुआ खेल रहे थे। सभी के खिलाफ थाना छावनी में छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 के तहत अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
ये 12 आरोपी गिरफ्तार
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों में महेंद्र कुमार सोनकर (52), कलीम खान (67), जी शिवा शंकर राव (47), आशीष ताम्रकार (42), श्रीधर्मांझी (55), प्रेम प्रेमचंद (51), ऐन धन राजू (44), भगवत प्रसाद (60), सपन चंद्र डे (54), राजेंद्र कुमार कौशिक (61), दिनेश साओ (42) और बलजिन्दर सिंह (52) शामिल हैं। सभी अलग-अलग क्षेत्रों के निवासी बताए गए हैं।
दुर्ग पुलिस ने कहा है कि जुआ, सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। पुलिस ने नागरिकों से भी अपील की है कि ऐसी गतिविधियों की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।

