आपत्तिजनक वस्तुएं मिली, लाइसेंस का पालन नहीं, शहर के 2 स्पा सेंटर सील

आपत्तिजनक वस्तुएं मिली, लाइसेंस का पालन नहीं, शहर के 2 स्पा सेंटर सील


🔴पुलिस की 15 टीमों ने चलाया था अभियान

सीजी न्यूज ऑनलाइन, 30 अगस्त 2026। शनिवार को पुलिस की 15 टीमों ने शहर में संचालित 30 अलग-अलग स्पा सेंटरों में एक साथ व्यापक जांच अभियान चलाया था। इसके बाद आज नॉर्थ जोन पुलिस ने पंडरी में संचालित 2 सेंटरों को पुलिस और नगर निगम की टीम ने सील किया। इनमें मोवा स्थित उषा प्राइड बिल्डिंग में संचालित रिफ्लेक्शन स्पा एवं अंबुजा मॉल स्थित ला थाई स्पा में आपत्तिजनक वस्तुओं के मिलने और उनके द्वारा लाइसेंस की निर्धारित शर्तों का पालन नहीं किया गया था।

यहां जांच के दौरान स्पा सेंटरों के विभिन्न दस्तावेज, कर्मचारियों से संबंधित जानकारी, ग्राहक एवं स्टाफ रजिस्टर, CCTV रिकार्डिंग की व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक बिंदुओं की जांच की गई थी। उक्त जांच के क्रम में संबंधित विभाग द्वारा आज आवश्यक कार्रवाई की गई।

रायपुर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा शहर में संचालित विभिन्न संस्थानों के निर्धारित नियमों एवं लाइसेंस की शर्तों के पालन को लेकर लगातार निगरानी एवं जांच की जा रही है। स्पा सेंटर संचालकों को पुलिस द्वारा हिदायत दी गई है कि गुमास्ता लाइसेंस एवं ट्रेड लाइसेंस की शर्तों का पालन करते हुए सेंटर का संचालन करें। सेंटर परिसर में CCTV कैमरे लगाकर उनकी फुटेज सुरक्षित रखें, ग्राहकों का विधिवत रजिस्टर मेंटेन करें एवं ID प्रूफ जरूर लेवें तथा कार्यरत स्टाफ का पुलिस वेरिफिकेशन सुनिश्चित करें। जांच के दौरान नियमों के विपरीत कोई संदिग्ध गतिविधि अथवा आपत्तिजनक वस्तु पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।