भिलाई नगर, 30 अगस्त 2026। सुपेला थाना क्षेत्र के नेहरू नगर चौक पर शनिवार रात करीब 11:30 बजे हुई चाकूबाजी की घटना में घायल 26 वर्षीय युवक की रविवार सुबह इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान कैंप-01 निवासी शिव कुमार सिंह पिता अवधेश सिंह के रूप में हुई है। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक शिव कुमार सिंह अपने दोस्त शिशांत के साथ बाइक से नेहरू नगर चौक पहुंचा था। शिव कुमार को चिचोला जाना था, जहां वह दुकान चलाता था। रात में वह चौक पर ट्रक को रोककर लिफ्ट लेने का प्रयास कर रहा था। ट्रक के नहीं रुकने पर उसने वहां से गुजर रहे स्कूटी सवार युवकों को रोकने का प्रयास किया। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच बहस हो गई।
बताया जा रहा है कि स्कूटी पर दो युवक और एक युवती सवार थे। बहस के दौरान स्कूटी सवार एक युवक ने शिव कुमार के बाएं पैर में जांघ के ऊपर सामने की ओर चाकू मार दिया। चाकू लगने से शिव कुमार घायल होकर गिर पड़ा। वारदात के बाद आरोपी स्कूटी सवार अंडरब्रिज की ओर से टाउनशिप की तरफ फरार हो गए।
घायल शिव कुमार को पुलिस तत्काल इलाज के लिए हाईटेक अस्पताल लेकर पहुंची। डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे शंकराचार्य मेडिकल कॉलेज रेफर किया, जहां रविवार सुबह इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर शोभराज अग्रवाल ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आरोपी दो स्कूटी पर सवार होकर फरार हुए थे। घायल के साथ मौजूद युवक आरोपियों के वाहन का नंबर नहीं देख सका। पुलिस ने अपराध दर्ज कर आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।

