हनुमान मंदिर में मूर्तियों से तोड़फोड़, कुम्हारी पुलिस ने आरोपी के खिलाफ FIR दर्ज

हनुमान मंदिर में मूर्तियों से तोड़फोड़, कुम्हारी पुलिस ने आरोपी के खिलाफ FIR दर्ज


भिलाईनगर, 29 अगस्त 2026। कुम्हारी थाना क्षेत्र के डगनिया तालाबपार वार्ड क्रमांक 12 स्थित हनुमान मंदिर में मूर्ति से तोड़फोड़ कर क्षतिग्रस्त करने का मामला सामने आया है। घटना की सूचना मिलने के बाद कुम्हारी पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार प्रार्थी उमेश कुमार साहू (40 वर्ष), निवासी डगनिया तालाबपार वार्ड क्रमांक 12 कुम्हारी ने शिकायत दर्ज कराई कि वह वार्ड क्रमांक 12 की पार्षद के पति हैं। 28 अगस्त 2026 की शाम करीब 6:04 बजे उन्हें हर्ष साहू ने फोन कर सूचना दी कि डगनिया तालाबपार स्थित हनुमान मंदिर की मूर्ति को एक युवक ने तोड़फोड़ कर क्षतिग्रस्त कर दिया है।

सूचना पर प्रार्थी मौके पर पहुंचे तो मंदिर में स्थापित हनुमान जी की मूर्ति, नंदी एवं जलहरी क्षतिग्रस्त अवस्था में मिली। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि डगनिया तालाबपार निवासी विमल विश्वकर्मा (23 वर्ष), पिता युवराज विश्वकर्मा ने जानबूझकर भगवान की मूर्ति से तोड़फोड़ की, जिससे प्रार्थी सहित मोहल्लेवासियों की धार्मिक आस्था को ठेस पहुंची।

प्रार्थी की रिपोर्ट पर कुम्हारी पुलिस ने अपराध क्रमांक 0259/26 दर्ज करते हुए आरोपी विमल विश्वकर्मा के खिलाफ धारा 298 बीएनएस एवं 324(2) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है। पुलिस मामले की विवेचना कर रही है।