दुर्ग, 29 अगस्त 2026। पदमनाभपुर थाना क्षेत्र के रायपुर नाका स्थित सुलभ शौचालय के पास शुक्रवार शाम आपसी विवाद के दौरान एक युवक पर चाकू से प्राणघातक हमला करने का मामला सामने आया है। हमले में युवक की बाईं कनपटी के पास चाकू फंस गया। घायल को तत्काल शंकराचार्य अस्पताल जुनवानी ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान चाकू निकालकर इलाज किया गया। मामले में पदमनाभपुर पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार गोलू उर्फ सतीश गुप्ता (33 वर्ष), निवासी न्यू राजीव गांधी नगर, रायपुर नाका दुर्ग, अंबे मेस पंचशील नगर में टिफिन पैकिंग एवं डिलीवरी का काम करता है। 28 अगस्त की शाम करीब 6:45 बजे वह अपनी पत्नी के साथ ससुराल शंकर नगर से वापस घर लौट रहा था। इसी दौरान रायपुर नाका सुलभ शौचालय के पास उसने अपने छोटे भाई सोमेश गुप्ता को अमित महानंद और प्रवीण विभार के साथ विवाद करते देखा।
सतीश के अनुसार वह बीच-बचाव करने के लिए वहां रुका और अपने भाई सोमेश को एक तमाचा मारा। इसी दौरान अमित महानंद और प्रवीण विभार ने एक राय होकर उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि अमित महानंद ने जान से मारने की धमकी देते हुए पास रखे बटनदार चाकू से सतीश की बाईं कनपटी के पास वार कर दिया, जिससे चाकू कनपटी में ही फंस गया। वहीं प्रवीण विभार ने उसके साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट की।
विवाद के दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे मोहित महानंद के सिर पर भी चोट लगने की जानकारी सामने आई है। इसके बाद मोहित महानंद और तुषार तांडी घायल सतीश को तत्काल शंकराचार्य अस्पताल, जुनवानी लेकर पहुंचे। अस्पताल में डॉक्टरों ने कनपटी में फंसे चाकू को बाहर निकाला और उपचार किया।
घायल की रिपोर्ट पर पदमनाभपुर पुलिस ने अपराध क्रमांक 0490/26 दर्ज कर आरोपी अमित महानंद और प्रवीण विभार के खिलाफ धारा 109(1) एवं 3(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है। पुलिस घटना के संबंध में गवाहों से पूछताछ सहित आगे की विवेचना कर रही है।

