🔴3 साल के बच्चे की मौत, आरोपी कर चालक मौके से फरार
भिलाई नगर, 28 अगस्त 2026। नंदिनी थाना क्षेत्र में शुक्रवार को कुम्हारी-अहिवारा मुख्य मार्ग पर जिओ पेट्रोल पंप के पास दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार कार और स्पोर्ट्स बाइक की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में बाइक सवार 3 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई, जबकि उसके पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल पिता को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रायपुर स्थित एम्स रेफर किया गया है।
नंदिनी पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, कुम्हारी के रामनगर निवासी कोमल प्रसाद साहू (लगभग 30 वर्ष) अपने 3 वर्षीय बेटे दिनेश कुमार साहू के साथ स्पोर्ट्स बाइक क्रमांक सीजी 04 BT 9488 से जा रहे थे। इसी दौरान अहिवारा स्थित जिओ पेट्रोल पंप के पास सामने से आ रही सफेद रंग की कार क्रमांक सीजी 07 GK 0045 के चालक ने तेज एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार पिता-पुत्र सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान 3 वर्षीय दिनेश कुमार साहू ने दम तोड़ दिया। वहीं, उसके पिता कोमल प्रसाद साहू की हालत गंभीर बताई जा रही है। उन्हें रायपुर एम्स में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।
बताया जा रहा है कि हादसे के बाद कार चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया। घटना की सूचना मिलने पर नंदिनी पुलिस मौके पर पहुंची और कार को जब्त कर नंदिनी थाने में खड़ा कराया गया। पुलिस ने मृत बच्चे के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है तथा मामले में मर्ग कायम किया गया है।
मृतक बच्चे के पिता के बड़े भाई की रिपोर्ट पर नंदिनी पुलिस ने कार चालक के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध कर लिया है। पुलिस फरार कार चालक की तलाश में जुटी हुई है और हादसे के संबंध में आगे की जांच की जा रही है।

