दुर्ग के निजी कॉलेज से आईजीकेवी का पेपर लीक, प्रोफेसर समेत छह गिरफ्तार

दुर्ग के निजी कॉलेज से आईजीकेवी का पेपर लीक, प्रोफेसर समेत छह गिरफ्तार


सीजी न्यूज़ ऑनलाइन, 22 अगस्त 2026। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय (आईजीकेवी) की बीएससी द्वितीय वर्ष कीट विज्ञान की परीक्षा का प्रश्नपत्र दुर्ग के एक निजी कॉलेज से लीक होने का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में प्रोफेसर समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले का पुलिस दोपहर में औपचारिक खुलासा करेगी।

जानकारी के अनुसार बीएससी द्वितीय वर्ष कीट विज्ञान का पेपर 20 अगस्त को होना था, लेकिन परीक्षा शुरू होने से करीब दो घंटे पहले ही प्रश्नपत्र लीक हो गया था। इसके बाद विश्वविद्यालय स्तर पर शिकायत सामने आने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की।

परसों रात एफआईआर दर्ज होने के बाद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने रायपुर, दुर्ग, कवर्धा, राजनांदगांव और बिलासपुर में एक साथ दबिश दी। तकनीकी जांच और मोबाइल चैट के आधार पर पुलिस ने आरोपियों तक पहुंच बनाई। जांच में सामने आया कि प्रश्नपत्र वॉट्सऐप के जरिए छात्रों तक पहुंचाया गया था।

पुलिस के अनुसार पेपर लीक करने और उसे छात्रों तक पहुंचाने में कुछ छात्र भी शामिल हैं। मामले में अब तक 16 से अधिक लोगों से पूछताछ की जा चुकी है। कवर्धा के दो छात्रों से भी पुलिस ने पूछताछ की है।

पुलिस की जांच में दुर्ग के निजी कॉलेज से प्रश्नपत्र लीक होने की जानकारी सामने आने के बाद प्रोफेसर समेत छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि प्रश्नपत्र किस स्तर पर और किस माध्यम से आरोपियों तक पहुंचा तथा इसे आगे किन-किन छात्रों को भेजा गया। मामले में पुलिस दोपहर को विस्तृत जानकारी देगी।