पेट्रोल पंप के पास युवती पर अश्लील टिप्पणी, पूर्व परिचित युवक के खिलाफ FIR

पेट्रोल पंप के पास युवती पर अश्लील टिप्पणी, पूर्व परिचित युवक के खिलाफ FIR


दुर्ग, 22 अगस्त 2026। पाटन थाना क्षेत्र में पेट्रोल पंप के पास गुजर रही युवती पर अश्लील टिप्पणी करने और यौन उत्पीड़न का मामला सामने आया है। युवतियों के विरोध के बाद पेट्रोल पंप के कर्मचारियों ने आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन मौके से फरार हो गए। पीड़िता की रिपोर्ट पर पाटन पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार घटना 21 अगस्त की है। पाटन पेट्रोल पंप के पास ग्राम गुजरा निवासी दो युवतियां गुजर रही थीं। इसी दौरान उनके पूर्व परिचित युवक हरीश पटेल (22 वर्ष) अपने दो साथियों के साथ वहां मौजूद था। आरोप है कि युवक ने युवतियों पर अश्लील टिप्पणी की। युवतियों ने इसका विरोध किया तो पेट्रोल पंप पर मौजूद स्टाफ ने आरोपियों को पकड़ने का प्रयास किया।

हालांकि, पेट्रोल पंप कर्मचारियों के पकड़ने से पहले ही तीनों युवक मौके से फरार हो गए। पुलिस के मुताबिक आरोपी और युवतियां ग्राम गुजरा के रहने वाले हैं तथा पूर्व में एक ही स्कूल में पढ़ चुके हैं।

घटना के बाद पीड़िता ने 21 अगस्त को पाटन थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी हरीश पटेल के खिलाफ अपराध क्रमांक 0295/2026 दर्ज किया है। मामले में धारा 351(3), 74 और 75(1)(ii) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना की जा रही है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।