दुर्ग, 20 अगस्त 2026। पाटन शराब भट्टी में शराब पीने की बात को लेकर हुए विवाद के बाद मारपीट में घायल 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मामले में पाटन पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 103 बीएनएस के तहत हत्या का अपराध दर्ज किया है।
पुलिस के मुताबिक, 19 अगस्त की शाम करीब 4 बजे ग्राम फुण्डा के वार्ड क्रमांक 11 निवासी रूपेश कुमार वर्मा (22) शराब खरीदने पाटन शराब भट्टी पहुंचा था। इसी दौरान ग्राम चीचा निवासी विपिन चंद्राकर (28) से शराब पीने की बात को लेकर उसका विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर दोनों के बीच मारपीट हुई। आरोप है कि विपिन ने रूपेश के पेट और निजी अंग के आसपास लात-घूंसों से मारपीट की।
घटना की सूचना डायल-112 को मिलने के बाद घायल रूपेश को अस्पताल में भर्ती कराया गया। उपचार के दौरान रात में उसकी तबीयत में सुधार होने पर परिजन उसे घर ले गए। हालांकि, रात करीब 9 बजे उसकी तबीयत फिर बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई।
युवक की मौत के बाद पाटन पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पंचों के बयान और शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृतक के शरीर में आंतरिक चोट सामने आई। इसके बाद पुलिस ने मारपीट के आरोपी विपिन चंद्राकर के खिलाफ अपराध क्रमांक 294/2026, धारा 103 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर आरोपी की तलाश की गई। पुलिस ने 20 अगस्त को आरोपी विपिन चंद्राकर को गिरफ्तार कर विधिवत न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, शराब पीने की बात को लेकर हुए विवाद के दौरान आरोपी ने मृतक के साथ हाथ-मुक्कों और लात से मारपीट की थी। मारपीट के दौरान लगी आंतरिक चोटों के बाद उसकी तबीयत बिगड़ी और उसकी मौत हो गई। मामले में चिकित्सकीय रिपोर्ट और अन्य विवेचनात्मक साक्ष्यों के आधार पर वैधानिक कार्रवाई की गई है।
पाटन पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि शराब अथवा किसी अन्य कारण से विवाद होने पर कानून हाथ में न लें। विवाद को मारपीट में बदलने से रोकें और गंभीर स्थिति उत्पन्न होने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें।

