दुर्ग, 20 अगस्त 2026। जिले के पाटन में शराब दुकान के पास मारपीट के बाद 22 वर्षीय युवक की मौत का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान ग्राम फुंडा निवासी रुपेश वर्मा के रूप में हुई है। रुपेश पाटन स्थित शराब दुकान के अहाते में काम करता था।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बुधवार को शराब दुकान के पास किसी बात को लेकर रुपेश का एक युवक से विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद के बाद युवक उसे शराब दुकान के पास स्थित नर्सरी की ओर ले गया, जहां उसके साथ मारपीट की गई। मारपीट में रुपेश के सिर, सीने समेत शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं।
घटना की सूचना मिलने पर डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और घायल रुपेश को पाटन अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद परिजन उसे घर लेकर चले गए। कुछ समय बाद उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिसके बाद परिजन उसे दोबारा अस्पताल लेकर पहुंचे। जांच के बाद डॉक्टरों ने रुपेश को मृत घोषित कर दिया।
संदिग्ध युवक से पुलिस कर रही पूछताछ
घटना की जानकारी मिलते ही पाटन पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने मारपीट के संदिग्ध युवक को थाने लाकर पूछताछ शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी में संदिग्ध युवक ग्राम चीचा का निवासी बताया जा रहा है।
घटना के समय उसके नशे में होने की बात भी सामने आई है, हालांकि पुलिस की ओर से इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। पुलिस विवाद के वास्तविक कारण, मारपीट में अन्य लोगों की संलिप्तता और घटनास्थल के आसपास मौजूद लोगों से भी पूछताछ कर रही है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
पुलिस ने मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत के वास्तविक कारणों का पता चलने के बाद मामले की जांच को आगे बढ़ाया जाएगा। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आए तथ्यों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

