🔴इलाज के दौरान 42 वर्षीय व्यक्ति की मौत
दुर्ग, 17 अगस्त 2026। पाटन के पुराने बस स्टैंड के पास तेज रफ्तार और लापरवाही से बाइक चलाने के कारण हुए सड़क हादसे में घायल 42 वर्षीय व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत हो गई। मामले में पाटन पुलिस ने आरोपी बाइक चालक के खिलाफ बीएनएस की धारा 281, 125(ए), 106(1) और मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 184 के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार घटना 11 अगस्त 2026 को दोपहर करीब 2:55 बजे पाटन के पुराने बस स्टैंड स्थित पंदर चौक के पास मेन रोड पर हुई। आरोपी ऋषि कुमार साहू अपने साथी कमल साहू को पीछे बैठाकर हीरो सिटी डिलक्स मोटरसाइकिल क्रमांक CG07 DC 3529 से पाटन बाजार की ओर से आ रहा था। आरोप है कि वह बाइक को तेज एवं लापरवाहीपूर्वक तथा खतरनाक तरीके से चला रहा था।
इसी दौरान उसकी बाइक ने बजाज CT 100 मोटरसाइकिल क्रमांक CG07 BA 1354 को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक चालक राजेन्द्र साहू (42 वर्ष), पिता मुरली राम साहू, निवासी ग्राम सांतरा, थाना पाटन और नीरज साहू को चोटें आईं।
घटना के बाद डायल-112 की मदद से घायलों को पाटन अस्पताल पहुंचाया गया। राजेन्द्र साहू की हालत गंभीर होने पर उन्हें आगे उपचार के लिए दुर्ग रेफर किया गया। बाद में उन्हें शंकराचार्य अस्पताल जुनवानी, भिलाई में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान 12 अगस्त 2026 को उनकी मौत हो गई।
मृत्यु की सूचना मिलने पर पहले स्मृति नगर चौकी, थाना सुपेला में मर्ग कायम किया गया। बाद में घटना स्थल पाटन थाना क्षेत्र का होने के कारण मर्ग डायरी पाटन पुलिस को प्राप्त हुई और मर्ग क्रमांक 56/2026, धारा 194 बीएनएसएस के तहत जांच शुरू की गई।
पुलिस जांच में प्रत्यक्षदर्शियों एवं डायल-112 के चालक से पूछताछ, घटनास्थल का निरीक्षण तथा उपलब्ध तथ्यों के आधार पर आरोपी बाइक चालक ऋषि कुमार साहू की लापरवाही सामने आई। इसके बाद पाटन पुलिस ने अपराध क्रमांक 0292/26 दर्ज कर आरोपी के खिलाफ धारा 281, 125(ए), 106(1) बीएनएस एवं धारा 184 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई शुरू की है। पुलिस मामले में आगे की विवेचना कर रही है।

