दुर्ग, 17 अगस्त 2026। जिले में ऑटो एवं ई-रिक्शा की पहचान और यात्रियों की सुरक्षा को और मजबूत करने की दिशा में यातायात पुलिस ने महत्वपूर्ण पहल शुरू की है। पुलिस कंट्रोल रूम सेक्टर-06 में उप महानिरीक्षक/वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग ने ऑटो एवं ई-रिक्शा में QR कोड लगाने की प्रक्रिया और ऑटो रजिस्ट्रेशन पोर्टल का शुभारंभ किया। यातायात पुलिस का लक्ष्य आगामी एक सप्ताह के भीतर जिले के सभी ऑटो एवं ई-रिक्शा का शत-प्रतिशत डिजिटल रजिस्ट्रेशन पूरा करना है।

QR कोड से मिलेगी ऑटो और चालक की पूरी जानकारी
रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्रत्येक ऑटो एवं ई-रिक्शा को एक QR कोड उपलब्ध कराया जाएगा। इस QR कोड के माध्यम से वाहन और चालक से संबंधित आवश्यक जानकारी पुलिस के पास सुरक्षित रहेगी। किसी घटना, विवाद या आपात स्थिति में ऑटो की पहचान और चालक तक पहुंचने में पुलिस को त्वरित सहायता मिलेगी।
इस पहल को यात्रियों और ऑटो चालकों दोनों की सुरक्षा की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पुलिस का मानना है कि डिजिटल रजिस्ट्रेशन से जिले में संचालित ऑटो एवं ई-रिक्शा का व्यवस्थित रिकॉर्ड तैयार होगा और आवश्यकता पड़ने पर पुलिस कार्रवाई अधिक प्रभावी एवं त्वरित हो सकेगी।
छत्तीसगढ़ का तीसरा जिला बनेगा दुर्ग
कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग ने बताया कि QR कोड के माध्यम से ऑटो को डिजिटल रूप से रजिस्टर करने वाला दुर्ग छत्तीसगढ़ का तीसरा जिला बनेगा। उन्होंने सभी ऑटो एवं ई-रिक्शा चालकों से अनिवार्य रूप से अपना रजिस्ट्रेशन कराने की अपील की।
उन्होंने कहा कि यह पूरी प्रक्रिया ऑटो चालकों के साथ-साथ आम नागरिकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए शुरू की गई है। सभी चालक यातायात पुलिस के इस अभियान में सहयोग करें और अपने वाहन का समय पर रजिस्ट्रेशन कराएं।

एक सप्ताह में शत-प्रतिशत रजिस्ट्रेशन का लक्ष्य
यातायात पुलिस दुर्ग द्वारा अभियान को सफल बनाने के लिए आगामी एक सप्ताह तक विशेष अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान जिले के सभी ऑटो एवं ई-रिक्शा का रजिस्ट्रेशन पूरा कराने का लक्ष्य रखा गया है।
कार्यक्रम में जनहित फाउंडेशन के ऋषभ सोनी एवं लॉयन्स क्लब के पदाधिकारी भी उपस्थित रहे। यातायात पुलिस ने ऑटो चालकों से अपील की है कि वे जल्द से जल्द डिजिटल रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया पूरी कर इस सुरक्षा अभियान को सफल बनाने में सहयोग करें।

