शान से लहराया 100 फीट ऊंचा तिरंगा, ‘बीराजी के अंगना’ में उमड़ा देशभक्ति का सैलाब

शान से लहराया 100 फीट ऊंचा तिरंगा, ‘बीराजी के अंगना’ में उमड़ा देशभक्ति का सैलाब


🔴राष्ट्रीय ध्वज का सम्मान हर भारतीय का कर्तव्य – इंद्रजीत सिंह छोटू

भिलाईनगर, 17 अगस्त 2026 । स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कोहका स्थित वीरा जी के अंगना में 100 फीट ऊंचे विशाल राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे का ध्वजारोहण किया गया। सर्व समाज कल्याण समिति के अध्यक्ष एवं युवा ट्रांसपोर्टर इंद्रजीत सिंह ‘छोटू’ और उनकी टीम की ओर से आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में सर्व समाज के लोगों, स्कूली बच्चों, महिलाओं, समिति के पदाधिकारियों और ट्रांसपोर्ट यूनियन के सदस्यों ने बड़ी संख्या में सहभागिता की। विशाल तिरंगे के फहराते ही पूरा परिसर देशभक्ति के नारों और उत्साह से गूंज उठा।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए इंद्रजीत सिंह ‘छोटू’ ने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज देश की पहचान, गौरव और सम्मान का प्रतीक है। तिरंगे का सम्मान करना प्रत्येक भारतीय का अधिकार ही नहीं, बल्कि हमारा राष्ट्रीय कर्तव्य भी है। उन्होंने कहा कि तिरंगे को केवल स्वतंत्रता दिवस और गणतंत्र दिवस तक सीमित नहीं रखना चाहिए, बल्कि पूरे वर्ष इसे अपने हृदय में सम्मान के साथ रखना चाहिए।

उन्होंने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले अमर शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों को नमन करते हुए कहा कि आज हम जिस स्वतंत्र भारत में सांस ले रहे हैं, वह हमारे वीर सपूतों के त्याग, तपस्या और बलिदान का परिणाम है। नई पीढ़ी को उनके संघर्ष और देश के प्रति समर्पण से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभानी चाहिए।

शिक्षा को बताया देश की तरक्की की मजबूत नींव

इंद्रजीत सिंह ने शिक्षा को देश की प्रगति की सबसे मजबूत नींव बताते हुए कहा कि समाज के हर बच्चे को बेहतर शिक्षा का अवसर मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि किसी गरीब या बेसहारा परिवार के बच्चे की पढ़ाई में सहयोग की आवश्यकता होगी, तो वे अपनी क्षमता के अनुसार हरसंभव मदद करने के लिए तैयार रहेंगे।

उन्होंने कहा कि समाज के सक्षम लोगों को आगे आकर जरूरतमंद परिवारों और बच्चों की मदद करनी चाहिए, ताकि आर्थिक परेशानियां किसी बच्चे की शिक्षा के रास्ते में बाधा न बनें।

समाजसेवा के लिए जनता का प्यार देता है नई ऊर्जा

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों की उपस्थिति पर इंद्रजीत सिंह ने सभी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जनता का प्यार, विश्वास और सहयोग ही उन्हें समाजसेवा के क्षेत्र में और अधिक ऊर्जा एवं उत्साह के साथ कार्य करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने लोगों से भविष्य में भी इसी तरह अपना स्नेह और सहयोग बनाए रखने की अपील की।

कार्यक्रम में प्रभुनाथ मिश्रा, हरेंद्र यादव, मलकीत सिंह, जोगाराव, शाहनवाज कुरैशी, राम, निर्मल सिंह, सन्नी सिंह, सोम सिंह, यश सिंह सहित सर्व समाज कल्याण समिति के पदाधिकारी, यादव समाज, सिख समाज एवं अन्य समाजों के प्रतिनिधि, ट्रांसपोर्ट यूनियन के सदस्य, महिलाएं, पुरुष और बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे मौजूद रहे।

विशाल 100 फीट ऊंचे तिरंगे के नीचे आयोजित यह कार्यक्रम देशभक्ति, सामाजिक एकता और राष्ट्रप्रेम का संदेश देता नजर आया। पूरे परिसर में “भारत माता की जय” और देशभक्ति के नारों के बीच स्वतंत्रता दिवस का उत्सव उत्साह और गौरव के वातावरण में मनाया गया।