🔴1065 प्रतिबंधित टेबलेट जब्त, उतई पुलिस की कार्यवाही
दुर्ग, 16 अगस्त 2026। नशीली दवाओं के अवैध कारोबार के खिलाफ दुर्ग पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। थाना उतई पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने ग्राम डुण्डेरा में दबिश देकर नशीली गोलियों की बिक्री करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक अपचारी बालक को अभिरक्षा में लिया गया है। आरोपियों के कब्जे से 1065 नग प्रतिबंधित नशीली टेबलेट और 3500 रुपये नकद बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार 15 अगस्त को मुखबिर से सूचना मिली थी कि गायत्री नगर, डुण्डेरा में केवेन्द्र पटेल उर्फ छोटा अपने साथियों के साथ नशीली टेबलेट बेच रहा है। सूचना पर उतई पुलिस और एसीसीयू की टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। तलाशी के दौरान केवेन्द्र पटेल उर्फ छोटा और एक अपचारी बालक के कब्जे से नशीली टेबलेट बरामद हुई।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे नशीली टेबलेट मरोदा निवासी इब्राहिम अली खान, घनश्याम गुप्ता, देवेन्द्र निर्मलकर और जीतू नायक से खरीदकर बिक्री के लिए लाते थे। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई आगे बढ़ाते हुए संबंधित आरोपियों को भी हिरासत में लिया।
पुलिस ने कुल 71 पत्तों में 1065 नग अल्प्राजोलम की प्रतिबंधित नशीली टेबलेट तथा बिक्री से प्राप्त 3500 रुपये नकद जब्त किए। जब्त दवाओं का ड्रग इंस्पेक्टर से परीक्षण कराया गया, जिसमें इनके प्रतिबंधित नशीली दवा होने की पुष्टि हुई। मामले में NDPS Act की धारा 22 के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है।
गिरफ्तार आरोपियों में केवेन्द्र पटेल उर्फ छोटा (27), जीतू नायक उर्फ पोटरा (19), इब्राहिम अली खान (46), देवेन्द्र निर्मलकर (24) और घनश्याम गुप्ता (30) शामिल हैं। इनके अलावा एक अपचारी बालक को विधि अनुसार अभिरक्षा में लिया गया है।
पुलिस के मुताबिक आरोपी नशीली गोलियां अवैध रूप से हासिल कर आर्थिक लाभ के लिए उनकी आपूर्ति और बिक्री करते थे। पुलिस ने सूचना तंत्र के माध्यम से नेटवर्क तक पहुंचते हुए नशीली दवाओं के स्रोत से जुड़े आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की।
इस कार्रवाई में थाना उतई पुलिस और एसीसीयू टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि नशीली दवाओं अथवा अन्य मादक पदार्थों की बिक्री और तस्करी से जुड़ी जानकारी तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

