🔴फरार आरोपी कुलदीप कौशिक गिरफ्तार
भिलाईनगर, 16 अगस्त 2026। पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र के इंजीनियरिंग पार्क हथखोज में शेड का ताला तोड़कर बिजली वायर चोरी करने के मामले में पुलिस ने फरार आरोपी कुलदीप कौशिक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से अलग-अलग रंगों में कटे हुए बिजली वायर और वायर काटने में प्रयुक्त थर्माकोल कटर बरामद किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार छत्तीसगढ़ औद्योगिक विकास निगम के अंतर्गत इंजीनियरिंग पार्क हथखोज में एफ-01 से एफ-21 तक शेड निर्मित हैं। इनकी सुरक्षा के लिए शिफ्टवार सुरक्षा गार्ड तैनात रहते हैं। शेड के भीतर विद्युत कनेक्शन के लिए बिजली वायर बिछाया गया था।
7 अगस्त को सामने आई चोरी
7 अगस्त को सुरक्षा गार्ड ने सूचना दी कि शेड एफ-01 के शटर का ताला टूटा हुआ है और अंदर लगा विद्युत बोर्ड तथा बिजली वायर गायब है। जांच में करीब 350 मीटर बिजली वायर, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 30 हजार रुपये थी, चोरी होना पाया गया। इसके बाद सहायक अभियंता प्रकाश कुमार मरकाम की रिपोर्ट पर पुरानी भिलाई थाने में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।
विवेचना के दौरान पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर आरोपी रवि राव उर्फ विठ्ठल को गिरफ्तार किया था। उसके कब्जे से अलग-अलग रंगों में कटे बिजली वायर, प्लास्टिक का मुखौटा और वायर काटने का कटर बरामद हुआ था। उसे 8 अगस्त को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया था।
फरार आरोपी की तलाश में जुटी थी पुलिस
मामले में फरार आरोपी कुलदीप कौशिक की पुलिस लगातार तलाश कर रही थी। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी के साथ मिलकर बिजली वायर चोरी करने की घटना में शामिल होना स्वीकार किया।
आरोपी की निशानदेही पर पीले रंग के थैले में रखे लाल, पीले, नीले, काले और नारंगी रंग के कई टुकड़ों में कटे बिजली वायर बरामद किए गए। पुलिस ने वायर काटने में इस्तेमाल एक थर्माकोल कटर भी जब्त किया। बरामद वायर की अनुमानित कीमत करीब 45 हजार रुपये बताई गई है।
शेड का ताला तोड़कर वायर काटकर ले गए
पुलिस के अनुसार आरोपियों ने शेड के शटर का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और विद्युत कनेक्शन के लिए बिछाए गए वायर को काटकर अलग-अलग टुकड़ों में कर चोरी किया। चोरी किए गए वायर को दूसरे स्थान पर ले जाकर काटने और रखने का प्रयास किया गया।
पुलिस ने आरोपी कुलदीप कौशिक को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
दुर्ग पुलिस ने औद्योगिक क्षेत्रों में संचालित संस्थानों और सुरक्षा से जुड़े लोगों से शेड, गोदाम एवं परिसरों में विद्युत सामग्री और अन्य महत्वपूर्ण सामान की पर्याप्त निगरानी रखने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि या चोरी की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।

