🔴लाखों श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ के लिए दुर्ग पुलिस ने तैयार किया सुरक्षा प्लान
भिलाईनगर, 16 अगस्त। जयंती स्टेडियम, भिलाई नगर में 17 से 26 अगस्त तक आयोजित होने वाली शिव महापुराण कथा को लेकर दुर्ग पुलिस ने व्यापक सुरक्षा और यातायात व्यवस्था तैयार की है। बोलबम सेवा समिति खुर्सीपार, भिलाई द्वारा आयोजित इस कथा में प्रख्यात कथावाचक पं. प्रदीप मिश्रा, सीहोर वाले शामिल होंगे। प्रतिदिन लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण, यातायात, पार्किंग और प्रवेश-निकास के लिए विशेष इंतजाम किए हैं।
कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने जिला कलेक्टर के साथ जयंती स्टेडियम स्थित कार्यक्रम स्थल का संयुक्त निरीक्षण किया। इसके अलावा पुलिस महानिरीक्षक ने भी कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर सुरक्षा, कानून-व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन और यातायात व्यवस्था की समीक्षा की। अधिकारियों ने आयोजन समिति एवं संबंधित विभागों को सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए।
632 पुलिसकर्मी संभालेंगे सुरक्षा व्यवस्था
आयोजन के दौरान सुरक्षा और कानून-व्यवस्था के लिए कुल 632 पुलिस बल तैनात किया गया है। इनमें 4 एएसपी/एसी, 18 डीएसपी, 15 निरीक्षक, 65 उप निरीक्षक/सहायक उप निरीक्षक, 36 प्रधान आरक्षक, 364 आरक्षक और 130 महिला आरक्षक शामिल हैं।
पुलिसकर्मियों की तैनाती कार्यक्रम स्थल, प्रवेश एवं निकास मार्ग, पार्किंग क्षेत्रों, प्रमुख चौक-चौराहों और भीड़ वाले स्थानों पर की जाएगी। महिला श्रद्धालुओं, बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा एवं सुविधा पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।
ड्रोन और सीसीटीवी से होगी निगरानी
कार्यक्रम स्थल और आसपास के क्षेत्रों में ड्रोन एवं सीसीटीवी कैमरों से लगातार निगरानी रखी जाएगी। प्रवेश-निकास मार्गों और भीड़ के अत्यधिक दबाव वाले स्थानों पर पुलिस की विशेष नजर रहेगी। किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल को अलग-अलग क्षेत्रों में तैनात किया गया है।
पुलिस प्रशासन, यातायात पुलिस, नगर निगम, आयोजन समिति और अन्य संबंधित विभागों के बीच समन्वय के लिए पुलिस कंट्रोल रूम में संयुक्त बैठक भी आयोजित की गई।
9 पार्किंग स्थल निर्धारित
श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए पुलिस ने कुल 9 पार्किंग स्थल निर्धारित किए हैं। इनमें—
- भिलाई निवास के सामने हेलिपैड
- भिलाई निवास के बगल फुटबॉल ग्राउंड
- प्रगति मैदान के पीछे वीआईपी पार्किंग
- बैंक परिसर वीआईपी पार्किंग
- सेक्टर-06 पुलिस ग्राउंड
- कला मंदिर के सामने
- शहीद उद्यान के सामने
- हरिराज सिविक सेंटर के बगल में
- पैसिफिक मॉन्यूमेंट गार्डन के सामने
शामिल हैं।
अलग-अलग दिशाओं से आने वाले वाहनों के लिए रूट तय
रायपुर, चरौदा, भिलाई-03, नंदिनी एवं पावर हाउस की ओर से आने वाले वाहन कुहराली, सिरसा गेट, पावर हाउस/चंद्रा-मौर्या, 25 मिलियन टन चौक होते हुए सेक्टर-06 पुलिस पेट्रोल पंप के पीछे पार्किंग तक जाएंगे। वहां से श्रद्धालु पैदल जयंती स्टेडियम पहुंचेंगे।
कुम्हारी, खेमटा, धमधा, जेवरा सिरसा एवं नेहरू नगर की ओर से आने वाले वाहन ग्रीन चौक, राजेंद्र पार्क चौक और सेक्टर-09 चौक होते हुए सेक्टर-06 ग्राउंड पार्किंग तक जाएंगे।
राजनांदगांव एवं बालोद की ओर से आने वाले वाहन पुलगांव चौक और जेल तिराहा होते हुए भिलाई निवास के सामने हेलिपैड ग्राउंड पार्किंग तक जाएंगे।
धमतरी, अभनपुर एवं पाटन की ओर से आने वाले वाहन उतई-नेवई होते हुए भिलाई निवास के बाजू स्थित फुटबॉल ग्राउंड पार्किंग में खड़े किए जाएंगे।
प्रवेश के लिए भी अलग व्यवस्था
महाराज एवं आयोजक परिवार के लिए मंच के पीछे गेट/फॉरेस्ट एवेन्यू मार्ग से प्रवेश निर्धारित किया गया है। वीआईपी प्रवेश शहीद पार्क के आगे बैंक कटिंग तथा पार्किंग क्लब के पास से होगा। सामान्य श्रद्धालुओं के लिए भिलाई क्लब, मिराज चौक (सीए चौक) एवं बैंक परिसर चौक की ओर से प्रवेश व्यवस्था तय की गई है।
पुलिस ने श्रद्धालुओं से की अपील
दुर्ग पुलिस ने श्रद्धालुओं और आम नागरिकों से निर्धारित पार्किंग स्थल और प्रवेश मार्ग का ही उपयोग करने की अपील की है। मुख्य सड़कों, प्रवेश मार्गों अथवा प्रतिबंधित स्थानों पर वाहन खड़ा नहीं करने को कहा गया है।
पुलिस ने लोगों से बच्चों, बुजुर्गों और परिजनों का विशेष ध्यान रखने, संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु दिखाई देने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने तथा अफवाहों पर विश्वास नहीं करने की अपील की है। सोशल मीडिया पर बिना सत्यापन किसी सूचना को प्रसारित नहीं करने को भी कहा गया है।
पुलिस के मुताबिक आयोजन के दौरान कानून-व्यवस्था, श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण और यातायात के सुचारू संचालन को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी।

