रेलवे रिश्वत मामले में CBI की बड़ी कार्रवाई, दो अधिकारी गिरफ्तार

रेलवे रिश्वत मामले में CBI की बड़ी कार्रवाई, दो अधिकारी गिरफ्तार


🔴चरोदा PP यार्ड में छापेमारी जारी, दस्तावेज और डिजिटल साक्ष्य खंगाल रही टीम

भिलाईनगर, 14 अगस्त 2026। भिलाई के चरोदा स्थित PP यार्ड में रेलवे रिश्वत मामले को लेकर दिल्ली CBI की कार्रवाई जारी है। CBI की टीम ने ट्रैप कार्रवाई करते हुए रेलवे से जुड़े दो अधिकारियों अनमोल उइके और दीपक वर्मा को रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को CBI की विशेष अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें चार दिन की CBI रिमांड पर भेज दिया गया है।

जानकारी के अनुसार दिल्ली से पहुंची CBI की टीम गुरुवार शाम करीब 4 बजे चरोदा स्थित PP यार्ड पहुंची थी। इसके बाद टीम ने सीनियर डिविजनल मैकेनिकल इंजीनियर (DME) अनमोल उइके के कार्यालय और घर पर जांच शुरू की। कार्रवाई के दौरान टीम ने कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और डिजिटल साक्ष्य जुटाए हैं।

घर से मिले टेंडर और कॉन्ट्रैक्टरों से जुड़े दस्तावेज

जांच के दौरान अनमोल उइके के घर से कई कॉन्ट्रैक्टरों के मोबाइल नंबर, टेंडर से संबंधित दस्तावेज और डिजिटल साक्ष्य मिलने की जानकारी सामने आई है। CBI ने इन दस्तावेजों और डिजिटल सामग्री को जब्त कर लिया है और अब उनकी जांच की जा रही है।

इसके अलावा CBI की टीम बैंक खातों और लेन-देन से संबंधित दस्तावेजों को भी खंगाल रही है। जांच का मुख्य फोकस इस बात पर है कि क्या कॉन्ट्रैक्टरों के रनिंग बिल पास करने के एवज में कथित रूप से मांगी गई रिश्वत की रकम से संबंधित कोई वित्तीय लेन-देन हुआ है।

चार दिन की CBI रिमांड में होगी पूछताछ

ट्रैप कार्रवाई के बाद गिरफ्तार किए गए अनमोल उइके और दीपक वर्मा को CBI ने विशेष अदालत के समक्ष पेश किया। अदालत ने दोनों आरोपियों को चार दिन की CBI रिमांड पर भेज दिया है।

रिमांड के दौरान CBI दोनों आरोपियों से पूछताछ करने के साथ ही जब्त दस्तावेजों, मोबाइल एवं डिजिटल साक्ष्यों तथा बैंकिंग लेन-देन की जानकारी का मिलान करेगी। जांच एजेंसी यह भी पता लगाने में जुटी है कि मामले में किस-किस व्यक्ति की भूमिका रही और रिश्वत के कथित नेटवर्क से जुड़े अन्य वित्तीय लेन-देन हुए हैं या नहीं।

फिलहाल CBI की कार्रवाई चरोदा PP यार्ड और संबंधित ठिकानों पर जारी है। मामले में जांच पूरी होने के बाद ही रिश्वत प्रकरण से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा होने की संभावना है।