फेसबुक पर ऑनलाइन ट्रेडिंग में मुनाफे का झांसा, पूर्व BSP कर्मचारी से 45 लाख की ठगी

फेसबुक पर ऑनलाइन ट्रेडिंग में मुनाफे का झांसा, पूर्व BSP कर्मचारी से 45 लाख की ठगी


🔴बैतूल से आरोपी गिरफ्तार, बैंक चेकबुक, आधार कार्ड और मोबाइल जब्त

भिलाईनगर, 14 अगस्त 2026। फेसबुक पर ऑनलाइन ट्रेडिंग में अधिक मुनाफे का लालच देकर सेवानिवृत्त बीएसपी कर्मचारी से 45 लाख 18 हजार 998 रुपये की साइबर ठगी करने के मामले में भिलाई नगर पुलिस ने एक आरोपी को मध्यप्रदेश के बैतूल से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से बैंक की चेकबुक, आधार कार्ड और ठगी में प्रयुक्त मोबाइल फोन जब्त किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया है।

पुलिस के अनुसार, भिलाई नगर थाना क्षेत्र निवासी सेवानिवृत्त बीएसपी कर्मचारी ने 10 मार्च 2026 को फेसबुक पर ऑनलाइन ट्रेडिंग एवं निवेश से संबंधित एक विज्ञापन देखा था। विज्ञापन के माध्यम से संपर्क करने वाले लोगों ने खुद को ऑनलाइन ट्रेडिंग एवं निवेश संस्था का प्रतिनिधि बताते हुए उन्हें अधिक मुनाफे का झांसा दिया।

इसके बाद ठगों ने प्रार्थी से पंजीयन शुल्क, ट्रेडिंग निवेश, मार्जिन राशि, क्रॉस बॉर्डर ट्रांजेक्शन और टैक्स सहित अलग-अलग मदों के नाम पर विभिन्न बैंक खातों में रकम जमा कराई। प्रार्थी ने आरोपियों के कहने पर कुल ₹45,18,998 जमा कर दिए। रकम वापस मांगने पर आरोपियों ने फिर क्रॉस बॉर्डर ट्रांजेक्शन, टैक्स और अन्य शुल्क के नाम पर अतिरिक्त रकम की मांग शुरू कर दी। इसके बाद प्रार्थी को अपने साथ साइबर ठगी होने का संदेह हुआ।

बैंक ट्रांजेक्शन और डिजिटल साक्ष्यों से आरोपी तक पहुंची पुलिस

प्रार्थी की शिकायत पर थाना भिलाई नगर में अपराध क्रमांक 217/2026, धारा 318(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने बैंकिंग ट्रांजेक्शन, तकनीकी साक्ष्यों और उपलब्ध डिजिटल जानकारी का विश्लेषण किया। जांच के दौरान आरोपी की पहचान विशाल नागले (24 वर्ष), निवासी बैतूल, मध्यप्रदेश के रूप में हुई।

पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश करते हुए बैतूल पहुंचकर उसे गिरफ्तार किया। आरोपी को विधिवत न्यायालय में पेश किया गया है। पुलिस अब मामले में शामिल अन्य आरोपियों तथा ठगी की रकम के संबंध में भी जांच कर रही है।

इस तरह दिया ठगी को अंजाम

आरोपियों ने सोशल मीडिया पर ऑनलाइन ट्रेडिंग में अधिक लाभ का लालच देने वाले विज्ञापन के जरिए पीड़ित से संपर्क किया। खुद को निवेश कंपनी का प्रतिनिधि बताकर अलग-अलग शुल्क और निवेश के नाम पर बैंक खातों में रकम जमा कराई गई। जब पीड़ित ने अपनी रकम वापस मांगी तो टैक्स और अन्य शुल्क के नाम पर उससे दोबारा पैसे मांगे गए।

पुलिस की अपील

दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि ऑनलाइन ट्रेडिंग, शेयर बाजार या निवेश में कम समय में अधिक मुनाफे का लालच देने वाले सोशल मीडिया विज्ञापनों और अनजान लोगों के झांसे में आकर पैसे जमा न करें। साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 पर शिकायत करें, संबंधित बैंक को सूचना दें और नजदीकी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराएं। समय पर सूचना मिलने से ठगी की रकम को सुरक्षित कराने की संभावना बढ़ जाती है।