🔴 दुर्ग रायपुर के विभिन्न होटल में शराब सप्लाई के लिए किया था इस्तेमाल, अब तक 26 वाहनों पर कार्रवाई
सीजी न्यूज़ ऑनलाइन, 12 अगस्त 2026। राज्य आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (EOW/ACB) ने शराब घोटाले से जुड़े मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए लॉकडाउन के दौरान अवैध शराब के परिवहन में इस्तेमाल किए गए दो और वाहनों को जब्त किया है। दोनों वाहनों का इस्तेमाल वर्ष 2020 में एन.व्ही. डिस्टलरीज से रायपुर और दुर्ग के विभिन्न होटल एवं बार तक शराब पहुंचाने में किए जाने की जानकारी जांच के दौरान सामने आई है।
EOW/ACB के अनुसार, थाना ईओडब्ल्यू/एसीबी रायपुर में दर्ज अपराध क्रमांक 04/2024 में धारा 7, 12 पी.सी. एक्ट 1988 (यथा संशोधित अधिनियम 2018) तथा धारा 120बी, 420, 467, 468 और 471 भादवि के तहत विवेचना जारी है।
लॉकडाउन में अवैध शराब परिवहन का खुलासा
विवेचना के दौरान पूछताछ में सामने आया कि मार्च-अप्रैल 2020 के लॉकडाउन के समय एन.व्ही. डिस्टलरीज से आबकारी अधिकारियों के माध्यम से शराब का कथित रूप से अवैध परिवहन किया गया। इसके लिए वाहन क्रमांक CG04-MF-1274 और CG04-MC-2618 का इस्तेमाल किया गया।
जांच के मुताबिक, इन वाहनों के जरिए शराब रायपुर एवं दुर्ग के विभिन्न होटल और बार तक पहुंचाई गई तथा कथित तौर पर अधिक कीमत पर बेची गई। बिक्री से प्राप्त रकम शराब सिंडिकेट तक पहुंचाए जाने की बात भी जांच में सामने आई है।
श्री साईं ट्रांसपोर्ट के दोनों वाहन जब्त
जांच के आधार पर EOW/ACB ने दिनेश अग्रवाल के श्री साईं ट्रांसपोर्ट से जुड़े दोनों वाहनों को जब्त किया है। ब्यूरो के मुताबिक, वर्तमान में दोनों वाहन गैस परिवहन के कार्य में उपयोग किए जा रहे थे।
अब तक 26 वाहनों पर कार्रवाई
शराब घोटाले से जुड़े इस प्रकरण में EOW/ACB की कार्रवाई लगातार जारी है। ब्यूरो के अनुसार, अब तक कुल 26 वाहनों की जप्ती की कार्रवाई की जा चुकी है।
मामले में जांच अभी जारी है और अवैध शराब परिवहन, कथित सिंडिकेट तथा इससे जुड़े अन्य लोगों और संसाधनों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।

