छत्तीसगढ़ में अगले तीन दिन बारिश की गतिविधियों में कमी के आसार

छत्तीसगढ़ में अगले तीन दिन बारिश की गतिविधियों में कमी के आसार


🔴 12 अगस्त के बाद फिर बढ़ेगी वर्षा

सीजी न्यूज़ ऑनलाइन, 10 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ में पिछले 24 घंटों के दौरान अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में मौसमी सब-डिविजनल वर्षा सामान्य रही है और इसमें 6 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है। अगले तीन दिनों तक प्रदेश में वर्षा के वितरण और तीव्रता में कमी आने की संभावना है, जबकि इसके बाद बारिश की गतिविधियां फिर बढ़ सकती हैं।

प्रदेश में पिछले 24 घंटों के दौरान सुकमा, बीजापुर और बस्तर संभाग के कई क्षेत्रों में अच्छी बारिश हुई। भैरमगढ़, सुकमा और कुटरू में सर्वाधिक 5-5 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई। कुआकोंडा और गादीरास में 4-4 सेंटीमीटर, जबकि जनकपुर-भरतपुर, तखतपुर, करपावंड और बड़े बचेली में 3-3 सेंटीमीटर बारिश हुई। गीदम, दंतेवाड़ा, खड़गांव, कटेकल्याण, अंतागढ़, सकरी, नानगुर और कोमाखान में 2-2 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई।

मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 32.2 डिग्री सेल्सियस रायपुर में तथा सबसे कम न्यूनतम तापमान 22.2 डिग्री सेल्सियस पेंड्रा रोड में दर्ज किया गया।

मौसम तंत्र सक्रिय

मौसम विभाग के अनुसार उत्तरी मध्य प्रदेश और आसपास बना कम दबाव का क्षेत्र 10 अगस्त की दोपहर 2:30 बजे भी उसी क्षेत्र में बना हुआ है। इससे संबंधित चक्रवाती परिसंचरण समुद्र तल से करीब 5.8 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला है।

वहीं, उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और आसपास के क्षेत्र में बना ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण भी सक्रिय है। इसके प्रभाव से 12 अगस्त के आसपास उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में एक नया कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। इसके अलावा मध्य और उससे लगे उत्तरी प्रायद्वीपीय भारत में करीब 22 डिग्री उत्तरी अक्षांश के आसपास शियर जोन भी बना हुआ है।

आज और कल कैसा रहेगा मौसम?

मौसम विभाग ने अगले दिन प्रदेश के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने का अनुमान जताया है। इस दौरान एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ वज्रपात की संभावना है।

दो दिन बाद प्रदेश में बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी के संकेत हैं। कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा के साथ एक-दो स्थानों पर भारी बारिश और गरज-चमक के साथ वज्रपात हो सकता है।

रायपुर में बादल और बारिश के आसार

राजधानी रायपुर में 11 अगस्त को आकाश सामान्यतः मेघमय रहने तथा गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने रायपुर का अधिकतम तापमान करीब 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान जताया है।