भिलाई/दुर्ग, 09 अगस्त 2026। शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए यातायात पुलिस दुर्ग द्वारा NH-53, मुख्य मार्गों और सर्विस रोड पर अतिक्रमण तथा अव्यवस्थित पार्किंग के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। नगर निगम भिलाई, दुर्ग, चरोदा और कुम्हारी नगर पालिका के साथ संयुक्त रूप से की जा रही कार्रवाई में पिछले एक सप्ताह में बड़ी संख्या में दुकानदारों और वाहन चालकों पर कार्रवाई की गई है।

यातायात पुलिस के अनुसार अभियान के दौरान सड़क किनारे अतिक्रमण कर यातायात बाधित करने वाले 167 दुकानदारों को नगर निगम द्वारा नोटिस जारी किए गए। दुकानदारों को सड़क अथवा पैदल मार्ग पर सामान नहीं रखने और यातायात व्यवस्था में बाधा नहीं डालने की हिदायत दी गई है।
1215 वाहनों पर ई-चालान
अवैध एवं अव्यवस्थित पार्किंग के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 1215 वाहनों पर मोटर व्हीकल एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत ई-चालान किया गया। इनमें दुर्ग क्षेत्र में 256, सुपेला में 567 और भिलाई-03 क्षेत्र में 392 वाहन शामिल हैं।
इसके अलावा सड़क पर बाधा उत्पन्न करने वाले 9 दुकानदारों के खिलाफ BNS की धारा 152 के तहत नोटिस जारी किया गया है। अभियान के दौरान 97 कंडम वाहनों को सड़क से हटाने की कार्रवाई भी की गई।
सुपेला-पावर हाउस में ऑटो डीलरों को हटाया
सुपेला और पावर हाउस क्षेत्र में मुख्य मार्ग के किनारे ऑटो डीलरों द्वारा सड़क पर रखे गए वाहनों को हटाया गया। संबंधित लोगों के खिलाफ ई-चालान की कार्रवाई करते हुए भविष्य में सड़क पर वाहन खड़ा नहीं करने की समझाइश दी गई।
यातायात पुलिस ने ऑटो और ई-रिक्शा चालकों को निर्धारित पावर हाउस बस स्टैंड में ही वाहन खड़ा करने के निर्देश दिए हैं, ताकि मुख्य मार्ग पर जाम की स्थिति न बने।
इसी तरह सड़क किनारे ठेला लगाने वाले व्यवसायियों को सड़क से नीचे किनारे की ओर ठेला लगाने तथा गुमटी संचालकों को सड़क पर दुकान लगाकर यातायात बाधित नहीं करने की हिदायत दी गई है।

आगे भी जारी रहेगा अभियान
यातायात पुलिस ने दुकानदारों, ऑटो-ई-रिक्शा चालकों, ठेला एवं गुमटी संचालकों तथा वाहन चालकों से सड़क और सर्विस रोड पर अतिक्रमण अथवा अव्यवस्थित पार्किंग नहीं करने की अपील की है।
पुलिस ने कहा कि सड़क सार्वजनिक आवागमन के लिए है। सड़क पर सामान, ठेला, गुमटी अथवा वाहन खड़ा करने से यातायात बाधित होने के साथ दुर्घटना की संभावना भी बढ़ती है। यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने और सड़कों को अतिक्रमण मुक्त करने का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

