🔴चाकू-बेसबॉल बैट व बाइक जब्त
दुर्ग, 08 अगस्त 2026। पुलगांव थाना एवं अंजोरा चौकी पुलिस ने राहगीरों से मारपीट, झपटमारी और लूट के प्रयास के मामले में तीन आदतन आरोपियों को घटना के 48 घंटे के भीतर गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त KTM मोटरसाइकिल, धारदार चाकू, बेसबॉल बैट और 550 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
पुलिस के अनुसार, 6 अगस्त 2026 की सुबह करीब 5:45 से 6:10 बजे के बीच सोना बेवरेज रसमड़ा ड्यूटी पर जा रहे मुरलीधर सोनी और कुनाल कुमार को अज्ञात बाइक सवार तीन युवकों ने निशाना बनाया। आरोपियों ने रसमड़ा ओवरब्रिज एवं कोटनी अंडरब्रिज के पास रास्ता रोककर उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट की तथा झपटमारी की घटना को अंजाम दिया।
पीड़ितों की शिकायत पर थाना पुलगांव में अपराध क्रमांक 698/2026 एवं अंजोरा चौकी क्षेत्र में अपराध क्रमांक 699/2026 दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई।
CCTV फुटेज से सामने आया अतिरिक्त तथ्य
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल एवं आसपास के CCTV फुटेज खंगाले। फुटेज और पूछताछ के आधार पर तीनों संदिग्धों को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में आरोपियों ने घटना में शामिल होना स्वीकार किया। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपियों ने पीड़ितों को डराने-धमकाने और चोट पहुंचाने के लिए चाकू एवं बेसबॉल बैट का इस्तेमाल किया था।

इसके बाद प्रकरण में आर्म्स एक्ट तथा लूट/डकैती के प्रयास से संबंधित गंभीर धाराएं जोड़ी गईं।
गिरफ्तार आरोपी
- चिराग साहू उर्फ सावन साहू, 19 वर्ष, निवासी राजीव नगर, वार्ड नंबर 04, कोतवाली दुर्ग।
- तरुण उर्फ प्रियांशु चंद्राकर, 18 वर्ष, निवासी गया नगर, कोतवाली दुर्ग।
- आयुष निर्मलकर उर्फ योगेंद्र, 18 वर्ष, निवासी नयापारा नदी रोड, वार्ड नंबर 01, कोतवाली दुर्ग।
ये सामान हुआ जब्त
- KTM मोटरसाइकिल, ब्लैक-ऑरेंज रंग, बिना नंबर
- एक धारदार चाकू
- एक बेसबॉल बैट
- 550 रुपये नकद
पुलिस ने बताया कि कार्रवाई में थाना पुलगांव, चौकी अंजोरा एवं जिला पुलिस बल की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने आरोपियों को त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार किया और अब उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेजा जा रहा है।
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या असामाजिक गतिविधि की सूचना तत्काल नजदीकी पुलिस थाना अथवा डायल 112 पर दें। पुलिस ने कहा कि जिले में अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

