भिलाईनगर, 05 अगस्त 2026। वरिष्ठ पत्रकार एवं भिलाई इस्पात टाइम्स के संपादक रणजीत सिंह का बुधवार को निधन हो गया। वे 74 वर्ष के थे। लंबे समय से अस्वस्थ चल रहे रणजीत सिंह ने आज दोपहर 2 बज कर 51 मिनट पर सिद्धि विनायक अस्पताल में अंतिम सांस ली। उनके निधन से पत्रकारिता जगत में शोक की लहर है।
रणजीत सिंह ने वर्षों तक पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहकर अपनी अलग पहचान बनाई। वे “इस्पात की धड़कन” समाचार पत्र के प्रधान संपादक के रूप में लंबे समय तक जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाते रहे।
परिजनों के अनुसार उनकी अंतिम यात्रा गुरुवार, 6 अगस्त को उनके रामनगर स्थित निवास से प्रातः 10 बजे निकलेगी। इसके बाद रामनगर मुक्तिधाम में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
वे अपने पीछे पत्नी सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनके निधन पर पत्रकारों, सामाजिक संगठनों और विभिन्न वर्गों के लोगों ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की है।

