दुर्ग में बेखौफ बदमाशों का खूनी तांडव : लूट का विरोध करने पर उपसरपंच की चाकुओं से गोदकर हत्या

दुर्ग में बेखौफ बदमाशों का खूनी तांडव : लूट का विरोध करने पर उपसरपंच की चाकुओं से गोदकर हत्या


दुर्ग, 03 अगस्त 2026। दुर्ग जिले में अपराधियों के हौसले एक बार फिर बुलंद नजर आए। रविवार देर रात धमधा रोड पर लूट की वारदात को अंजाम देने पहुंचे चार बदमाशों ने विरोध करने पर ग्राम तुमाकला के उपसरपंच प्रकाश सिंह कश्यप की चाकुओं से ताबड़तोड़ वार कर निर्मम हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी उनका मोबाइल फोन और करीब 4 हजार रुपए नकद लूटकर फरार हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

धमधा रोड पर घात लगाकर रोका

पुलिस के अनुसार, घटना जेवरा सिरसा थाना क्षेत्र में करहीडीह से चिखली चौक के बीच हुई। ग्राम तुमाकला के उपसरपंच प्रकाश सिंह कश्यप रविवार रात को जुनवानी भिलाई स्थित शंकराचार्य अस्पताल से भिलाई से अपने गांव लौट रहे थे। उनके साथ एक अन्य व्यक्ति भी था। इसी दौरान एक बाइक पर सवार चार बदमाशों ने उनका रास्ता रोक लिया।

लूट का विरोध पड़ा भारी

बताया जा रहा है कि बदमाश मोबाइल और नकदी लूटने की नीयत से पहुंचे थे। जब प्रकाश सिंह कश्यप ने विरोध किया तो आरोपियों ने उन पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर चोटों के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई। उनके साथ मौजूद व्यक्ति किसी तरह जान बचाकर भाग निकला और घटना की सूचना दी।

मोबाइल और नकदी लेकर फरार

हत्या के बाद चारों आरोपी मृतक का मोबाइल फोन और करीब चार हजार रुपए नकद लेकर फरार हो गए। सूचना मिलते ही जेवरा सिरसा पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

पत्नी हैं गांव की सरपंच

मृतक प्रकाश सिंह कश्यप ग्राम तुमाकला के उपसरपंच थे, जबकि उनकी पत्नी देवती बाई कश्यप वर्तमान में गांव की सरपंच हैं। इस दर्दनाक घटना से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। ग्रामीणों ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

जेवरा सिरसा चौकी प्रभारी समित मिश्रा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला लूट के दौरान हत्या का प्रतीत हो रहा है। आरोपियों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस की अलग-अलग टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी हैं और जल्द गिरफ्तारी का दावा किया जा रहा है। फिलहाल मामले की हर पहलू से जांच जारी है।