🔴कुम्हारी के महामायापारा में सनसनीखेज वारदात
भिलाईनगर, 2 अगस्त 2026। दुर्ग जिले के कुम्हारी थाना क्षेत्र अंतर्गत महामायापारा में शनिवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। चरित्र शंका के चलते एक युवक ने अपनी पत्नी पर सब्जी काटने वाली हंसिया से ताबड़तोड़ हमला कर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
घटना स्थल पर ही हुई महिला की मौत
पुलिस के अनुसार, सुबह करीब 8 बजे आरोपी घनश्याम यादव (25 वर्ष) ने अपनी पत्नी दुर्गा यादव (24 वर्ष) पर हंसिया से कई घातक वार किए। गंभीर चोटों के कारण दुर्गा यादव ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
छह माह की मासूम बच्ची हुई मां से वंचित
बताया गया है कि मृतका की छह माह की एक मासूम बच्ची भी है। इस घटना के बाद बच्ची के सिर से मां का साया उठ गया। घटना से परिवार और आसपास के लोग स्तब्ध हैं।
चरित्र पर करता था संदेह
नगर पुलिस अधीक्षक (छावनी) प्रशांत पैकरा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी अपनी पत्नी के चरित्र पर संदेह करता था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद होता रहता था और शनिवार सुबह विवाद ने खूनी रूप ले लिया।
आरोपी हिरासत में, हत्या का मामला दर्ज
घटना की सूचना मिलते ही कुम्हारी पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी घनश्याम यादव को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आरोपी से पूछताछ जारी है तथा उसके विरुद्ध हत्या का मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस जुटी जांच में
पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। हत्या में प्रयुक्त हंसिया को भी जब्त कर लिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि विवेचना के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

